विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

9 पावरकॉम कर्मचारी पानी की टंकी पर चढ़े, हाथों में पेट्रोल की बोतलें; रेगुलर करने की मांग पर विभाग को घेरा

Published: Wed, 01 Jul 2026 12:03 PM (IST)

रेगुलर करने की मांग को लेकर आउटसोर्स स्पाट बिलिंग मीटर रीडर यूनियन के नौ सदस्य पानी की टंकी पर चढ़ ...और पढ़ें

टंकी पर चढ़े पावर कॉम कर्मचारी।

टंकी पर चढ़े पावर कॉम कर्मचारी।

HighLights

  1. नौ पावरकॉम कर्मचारी पानी की टंकी पर चढ़े।

  2. नौकरी नियमित करने की मांग को लेकर प्रदर्शन।

  3. कर्मचारियों ने पेट्रोल की बोतलें साथ होने का दावा किया।

जागरण संवाददाता, पटियाला। रेगुलर किए जाने की मांग को लेकर पावरकाॅम आउटसोर्स स्पाॅट बिलिंग मीटर रीडर यूनियन, पंजाब का आंदोलन अब और तेज हो गया है। अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे यूनियन के नौ सदस्य बुधवार तड़के करीब चार बजे माता कौशल्या सरकारी अस्पताल के सामने स्थित जिला स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय की पानी की टंकी पर चढ़ गए। यूनियन का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक टंकी पर चढ़े कर्मचारी नीचे नहीं उतरेंगे।

यूनियन के राज्य प्रधान लखविंदर सिंह ने बताया कि आंदोलन को तेज करने के उद्देश्य से ही 9 सदस्यों ने यह कदम उठाया है। उन्होंने दावा किया कि टंकी पर चढ़े कर्मचारी अपने साथ पेट्रोल से भरी बोतलें भी लेकर गए हैं। इसे लेकर मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल बना हुआ है।

उन्होंने बताया कि पूरे पंजाब में आउटसोर्स स्पाट बिलिंग मीटर रीडर के रूप में करीब ढाई हजार कर्मचारी कार्यरत हैं। लंबे समय से ये कर्मचारी नियमित नियुक्ति की मांग कर रहे हैं। यूनियन का आरोप है कि बार-बार मांग उठाने और धरना देने के बावजूद विभाग उनकी समस्याओं का समाधान नहीं कर रहा है, जिसके कारण कर्मचारियों को आंदोलन तेज करने के लिए मजबूर होना पड़ा।

यह भी पढ़ें- जालंधर अदालत के बाहर अचानक टूटा सूखा पेड़, पार्किंग में खड़ी दो गाड़ियां चकनाचूर; बाल-बाल बचे लोग

Patiala protest

 टंकी के नीचे बैठे पारवकॉम कर्मचारी।

23 जून से जारी है प्रदर्शन

यूनियन के अनुसार उनका अनिश्चितकालीन धरना 23 जून से पावरकाम मुख्यालय के सामने जारी है। धरने के दौरान कई बार विभाग का ध्यान मांगों की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान सामने नहीं आया। इसी कारण आंदोलन को नए चरण में ले जाने का निर्णय लिया गया।

पानी की टंकी पर चढ़े कर्मचारियों के समर्थन में यूनियन के अन्य सदस्य नीचे धरने पर बैठे रहे और लगातार नारेबाजी करते रहे। उनका कहना है कि जब तक विभाग उनकी मांगों पर सकारात्मक फैसला नहीं लेता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

यह भी पढ़ें- पंजाब को जल्द मिलेगा नियमित डीजीपी, UPSC ने तीन नामों के पैनल पर लगाई मुहर; गौरव यादव सबसे मजबूत दावेदार

प्रशासन समझाने पर जुटा

घटना की सूचना मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे तथा हालात पर नजर बनाए हुए हैं। कर्मचारियों को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए समझाने का प्रयास भी किया जा रहा है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक टंकी पर चढ़े कर्मचारी नीचे नहीं उतरे थे और यूनियन अपने आंदोलन पर अडिग थी।

यूनियन ने स्पष्ट किया कि उनका आंदोलन पूरी तरह रेगुलर किए जाने की मांग को लेकर है और वे चाहते हैं कि विभाग उनकी लंबे समय से लंबित मांगों पर जल्द निर्णय लेकर समाधान निकाले। वहीं, पूरे घटनाक्रम पर विभाग की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- पंजाब में मानसून की दस्तक, 2 जुलाई से भारी बारिश का अलर्ट; चार तारीख तक झमाझम बरसेंगे बादल