आइफोन चोरी का आरोप लगा, दोस्त करते थे तंग... पटियाला में 10वीं के छात्र ने जहर निगलकर दी जान; 3 के खिलाफ केस दर्ज
पटियाला के पातड़ां में आइफोन चोरी के आरोप से परेशान 10वीं के छात्र जश्नप्रीत सिंह ने जहर खाकर जान दे दी।

पटियाला के दसवीं क्लास के बच्चे ने जहर निगलकर किया सुसाइड (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
आइफोन चोरी के आरोप से परेशान छात्र ने जहर खाया।
18 दिन के उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ में मौत।
नाबालिग आरोपी छात्र और तीन अज्ञात पर केस दर्ज।
जागरण संवाददाता, पटियाला। पातड़ां के सरकारी स्कूल में आइफोन चोरी के आरोपों से परेशान दसवीं के 17 वर्षीय छात्र जश्नप्रीत सिंह ने जहर निगल लिया। करीब 18 दिन तक चले उपचार के बाद उसकी पीजीआइ चंडीगढ़ में मौत हो गई। मृतक और जिस छात्र ने आइफोन चोरी का आरोप लगाया था, दोनों एक ही कक्षा में पढ़ते थे।
जश्नप्रीत के परिवार ने आरोप लगाया है कि मोबाइल चोरी के शक में जश्नप्रीत पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था। पुलिस ने पिता मनप्रीत सिंह निवासी गांव दुताल की शिकायत पर आरोपित नाबालिग छात्र और तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जश्नप्रीत परिवार का इकलौता बेटा था।
उसकी छोटी बहन है। जानकारी के मुताबिक आरोपित छात्र अपने घर से बिना बताए आइफोन स्कूल लेकर आया था और कहा कि यह उसके भाई को विदेश में रहने वाले एक रिश्तेदार ने दिया था।
स्कूल प्रबंधन ने विवाद की जानकारी परिवार को नहीं दी
स्कूल में आइफोन चोरी होने के बाद उसे शक हुआ कि जश्नप्रीत ने मोबाइल लिया है। मामला स्कूल प्रबंधन तक पहुंचा तो शिक्षकों ने दोनों छात्रों से बातचीत की। जश्नप्रीत ने मोबाइल चोरी करने से इनकार किया। हालांकि, इस बातचीत की जानकारी जश्नप्रीत के परिवार को नहीं दी गई।
परिवार का आरोप है कि मामला स्कूल में शांत होने के बावजूद उस छात्र ने जश्नप्रीत पर कमेंटबाजी जारी रखी। वह उसे कक्षा में और स्कूल के बाहर रास्ते में रोककर आइफोन वापस करने को कहता था।
उसके साथ दो-तीन साथी भी थे। जश्नप्रीत लगातार मोबाइल चोरी करने से इनकार करता रहा, लेकिन उसे तंग किया जाता रहा। 16 सितंबर को जश्नप्रीत स्कूल जाने के लिए घर से निकला था। शाम को वह ट्यूबवेल के पास गया और जहरीली दवा निगल ली। हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पांच-छह दिन उपचार के बाद हालत में सुधार होने पर उसे छुट्टी दे दी गई। कुछ दिन बाद 25 सितंबर को तबीयत फिर बिगड़ गई। परिवार उसे राजिंदरा अस्पताल लेकर पहुंचा।
चंडीगढ़ पीजीआइ में तोड़ा दम
हालत गंभीर होने पर चार अक्टूबर को उसे पीजीआइ चंडीगढ़ रेफर किया गया। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बेटे की मौत के बाद परिवार ने पुलिस को शिकायत देकर आइफोन चोरी के शक से शुरू हुए पूरे घटनाक्रम की जांच की मांग की है। परिवार का कहना है कि लगातार हो रही बेइज्जती और दबाव से परेशान होकर जश्नप्रीत ने आत्महत्या का कदम उठाया।
थाना प्रभारी साहब सिंह पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि स्कूल में आइफोन चोरी की वास्तविक घटना क्या थी और इसके बाद दोनों छात्रों के बीच क्या-क्या हुआ। आरोपित छात्र के साथ बताए जा रहे तीन अज्ञात युवक कौन थे, इसकी भी जांच की जा रही है।
