गजब! पटियाला सेंट्रल जेल की दीवार फांदकर घुसा व्यक्ति, पकड़े जाने पर बोला- रिश्तेदार से मिलने आया हूं
पटियाला सेंट्रल जेल में सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई है, जहां अंबाला का एक व्यक्ति दीवार फांदकर अंदर घुस गया।

यह फोटो एआई द्वारा जनरेट की गई है।
HighLights
पटियाला सेंट्रल जेल में दीवार फांदकर घुसा एक व्यक्ति
अंबाला निवासी जय प्रसाद को गश्त कर रहे कर्मचारियों ने पकड़ा
रिश्तेदार से मिलने का दावा, महिला ने पहचानने से किया इनकार
जागरण संवाददाता, पटियाला। सेंट्रल जेल की सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई है। मंगलवार सुबह करीब छह बजे एक व्यक्ति दीवार फांदकर जेल परिसर में दाखिल हो गया। गश्त कर रहे कर्मचारियों ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया। पकड़े जाने के बाद उसने कहा कि वह जेल परिसर में सरकारी क्वॉर्टर में रहने वाली महिला रिश्तेदार से मिलने आया था।
हालांकि, महिला ने उसके सामने आने पर उसे पहचानने से इनकार कर दिया। थाना त्रिपड़ी की पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपित की पहचान हरियाणा के अंबाला स्थित कच्चा ठाकुर द्वार निवासी जय प्रसाद (45) के रूप में हुई है। वह नंगे पांव आया था।
दीवार फांदकर आया व्यक्ति
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर प्रिंसप्रीत सिंह के मुताबिक सहायक जेल सुपरिंटेंडेंट करनवीर सिंह ने बताया कि आरोपित ने मिनी सचिवालय के नजदीक फुल्कियां एन्क्लेव की तरफ से जेल की दीवार फांदी और अंदर दाखिल होने के बाद कर्मचारियों के सरकारी क्वार्टरों की ओर बढ़ा था।
वह एक क्वार्टर की दीवार फांदने की कोशिश कर रहा था, तभी गश्त कर रहे कर्मचारियों ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में पता चला कि उसके तीन साथी भी दीवार की दूसरी तरफ खड़े थे, जो फरार हो गए। पुलिस ने जय प्रसाद और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
बार-बार बदलता रहा बयान
जय प्रसाद को रिमांड पर लेकर पूछताछ हो रही है। वह बार-बार बयान बदल रहा है। महिला को क्वार्टर खाली करने के निर्देश आरोपित जय प्रसाद ने जिस महिला से मिलने की बात कही, वह हाल ही में ट्रांसफर हुए एक कर्मचारी के पास सफाई सेवक का काम करती है और सरकारी क्वार्टर में ही रहती है। जेल प्रबंधकों ने महिला को भी सरकारी क्वार्टर खाली करने के निर्देश दिए हैं।
