स्वच्छ भारत पर्व : सफाई के लिए भाजपाइयों को ढूंढने पड़े ठिकाने
शहर में शुरू किए गए सफाई अभियान में भारतीय युवा मोर्चा के सदस्यों को सफाई के लिए ठिकाने ढूंढने पड़े।
संजय वर्मा, पटियाला
शहर में शुरू किए गए सफाई अभियान में भारतीय युवा मोर्चा के सदस्यों को सफाई के लिए ठिकाने ढूंढने पड़े। प्रदेश भाजपा हाईकमान के निर्देश पर बुधवार को स्वच्छ भारत पर्व मनाया गया। इस अभियान के तहत, स्वच्छ भारत अभियान भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला पटियाला (श) की ओर से मंडल स्तर सफाई अभियान चलाया गया था। अभियान के दौरान कई एरिया की सफाई देख कर युवा भाजपा सदस्य भी सोच में पड़ गए बहरहाल पार्टी हाईकमान के आदेशों को पूरा करने के लिए थोड़ी मशक्कत के बाद भाजपाइयों ने सफाई ने लिए जगह ढूंढ ही ली।
सुबह 7 बजे से शुरू होकर दोपहर 3 बजे तक चले इस अभियान में जिला कार्यकारिणी के सदस्य नजर नहीं आए। युवाओं की हौसलाअफजाई के लिए जिला प्रधान एसके देव ने योगदान दिया। युवा मोर्चे का सफाई अभियान पार्कों तक सीमित नजर आया। सिद्धवाल मंडल, त्रिपड़ी मंडल, मॉडल टाउन, मंडल, सेंट्रल मंडल, यूनिवर्सिटी मंडल, स्टेडियम मंडल और थापर मंडल में इस अभियान का आयोजन किया गया। इस मौके पर जिला प्रधान एसके देव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वच्छ भारत का सपना हर देश वासी का सपना होना चाहिए। इस मिशन में राजनीति से उठ कर काम होना चाहिए। युवा मोर्चा जिला पटियाला (श) अध्यक्ष वरुण जिंदल ने युवाओं को इस अभियान में अधिक से अधिक जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। स्वच्छता को लेकर जागृति आ रही है।
युवा मोर्चा तक सीमित रहा स्वच्छ भारत पर्व
देश के पीएम नरेंद्र मोदी का स्वच्छ भारत का सपना युवा मोर्चा तक सीमित रहा। स्वच्छता पर्व के लिए पार्टी की ओर से जारी दिशा निर्देश पर युवा मोर्चा तो सक्रिय रहा, परंतु उनका साथ देने की शहर के भाजपा नेताओं ने जरूरत तक नहीं समझी। भाजपा के जिला प्रधान एसके देव और अवतार हैप्पी अभियान में साथ रहे। पार्टी नेताओं के मुताबिक ये युवा मोर्चा का प्रोग्राम है, इसलिए वे शिरकत नहीं कर रहे। वहीं युवा मोर्चा भी पार्टी हाईकमान के आदेशों को पूरा करता नजर आया और सफाई के लिए सही जगह न मिलने के कारण पार्कों में ही अभियान चलाया गया।