बहन के पास रह रही नाबालिग से जेठ ने किया दुष्कर्म
बनूड़ मां-बाप की मौत के बाद बेसहारा नाबालिगा ने विवाहित बहन का आसरा लिया तो बहन के जेठ ने मौका देख कर नाबालिग लड़की से दुष्कर्म कर दिया। इस बारे में थाना बनूड़ में आरोपित जेठ के खिलाफ केस दर्ज करवाया गया है।
जेएनएन, बनूड़
थाना बनूड़ के अंतर्गत एक गांव में मां-बाप की मौत के बाद बेसहारा नाबालिगा ने विवाहित बहन का आसरा लिया, तो बहन के जेठ ने घर में उसे अकेला देख उससे दुष्कर्म किया। इस बारे में पुलिस ने पीड़िता की बड़ी बहन की शिकायत पर केस दर्ज किया है। उधर, आरोपित घटना के बाद से फरार है। जिसे पकड़ने के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। पीड़िता को मेडिकल के लिए राजपुरा अस्पताल भेजा गया है।
पीड़िता की बड़ी बहन ने बनूड़ पुलिस को शिकायत में कहा है कि आठ नवंबर को सभी अपने काम पर गए हुए थे। उसकी नाबालिग बहन घर में अकेली थी। उसकी नाबालिग बहन को अकेली देख कर 28 वर्षीय जेठ ने कमरे का दरवाजा बंद कर दुष्कर्म किया। इस बीच जब शिकायतकर्ता घर पहुंची, तो उसने देखा कि जेठ उसकी छोटी बहन को हवस का शिकार बना रहा था। जब उसे पकड़ने की कोशिश की, तो वह जान से मारने की धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गया।
शिकायतकर्ता ने बताया है कि मां-बाप की मौत के बाद बहन अकेली थी। इसलिए पिछले एक साल से वो उनके पास रह रही थी। जेठ उसकी बहन पर गंदी नजर रखने लगा था, इसकी उसे जानकारी नहीं थी।
उधर, इस बारे में एसएचओ बनूड़ रविदर कुमार ने कहा कि आरोपित के खिलाफ दुष्कर्म की धाराओं और पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता को राजपुरा अस्पताल में मेडिकल के लिए भेजा गया है। फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।