इंप्रूवमेंट ट्रस्ट को लाखों का नुकसान, नक्शे को लेकर उठे सवाल
सरकार और ट्रस्ट को लाखों का नुकसान हो रहा है इसे रोका जाए। यह मांग फैक्ट्री एरिया निवासी राजिदर सिंह इंप्रूवमेंट ट्रस्ट अधिकारियों से की है।
जागरण संवाददाता, पटियाला :
सरकार और ट्रस्ट को लाखों का नुकसान हो रहा है, इसे रोका जाए। यह मांग फैक्ट्री एरिया निवासी राजिदर सिंह इंप्रूवमेंट ट्रस्ट अधिकारियों से की है। राजिदर ने यहां एसएसटी नगर स्थित होटल इकबाल इन संबंधी जानकारी लेने के लिए ट्रस्ट में आरटीआई डाली थी। ट्रस्ट द्वारा आरटीआइ के दिए जवाब से राजिदर संतुष्ट नहीं है। इसके चलते राजिदर ने सोमवार को ट्रस्ट के ईओ को एक पत्र देकर जवाब पर एतराज जताया है। साथ ही ट्रस्ट अधिकारियों से इस मामले पर तुरंत अगली कार्रवाई करने की मांग की है।
अगर कोई कार्रवाई नहीं की गई तो कौन जिम्मेदार है
राजिदर ने इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के ईओ राजेश चौधरी को पत्र देकर यह सवाल किया है कि ट्रस्ट द्वारा आरटीआइ के जवाब में कहा गया है कि होटल का पूर्ति नक्शा पास नहीं है, पर इस मामले पर ट्रस्ट अधिकारियों द्वारा कोई कार्रवाई की गई है या नहीं। या फिर कोई जुर्माना वसूल किया गया है के बारे में बताया जाए। राजिदर ने कहा कि अगर ट्रस्ट द्वारा पूर्ति नक्शा पास न होने के मामले पर अगर कोई कार्रवाई नहीं की गई, तो उसका जिम्मेदार कौन है। राजिदर ने ट्रस्ट अधिकारियों को दिए गए पत्र पर ध्यान देने की मांग की है। राजिदर ने कहा कि ट्रस्ट ओर राज्य सरकार के खजाने को लाखों का नुकसान हो रहा है। जिसके चलते इस हो रहे नुकसान को तुरंत रोका जाए।
क्या है मामला
फैक्ट्री एरिया निवासी राजिदर सिंह ने यहां एसएसटी नगर स्थित होटल इकबाल इन संबंधी जानकारी लेने के लिए इंप्रूवमेंट ट्रस्ट में आरटीआई डाली थी। ट्रस्ट द्वारा आरटीआई के जवाब में बताया गया कि होटल के मालिक कमलप्रीत सिंह द्वारा होटल का प्रस्तावित नक्शा 2002 में अप्लाई किया गया था। वहीं दूसरी ओर यह भी बताया गया कि होटल का पूर्ति नक्शा पास नहीं है। जिसके चलते होटल की बेसमेंट ओर मंजिलों संबंधी सूचना नक्शा पास होने के बाद ही दी जा सकती है। जानकारी बताते है कि होटल के मालिक द्वारा पूर्ति नक्शा ट्रस्ट के पास अप्लाई किया गया था। पर नक्शा सही न होने के चलते ट्रस्ट द्वारा इस नक्शे को खारिज कर दिया गया था।
बिना नक्शा पास करवाए इतना बड़ा स्ट्रक्चर खड़ा नहीं हो सकता। इतना बड़ा प्रोजेक्ट लगाने के लिए यह कभी भी नहीं हो सकता कि नियम का पालन न हो। सभी नियम अपनाए गए है। जो व्यक्ति इस मामले को उठा रहा है, के बारे में कुछ नहीं कह सकता।
..कमलप्रीत सिंह, होटल मालिक
(बलविदर पाल सिंह)