विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटियाला में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का शूटर गिरफ्तार, बिल्डरों से रंगदारी और फायरिंग का आरोप

Published: Sat, 19 Sep 2026 04:35 AM (IST)

सीआईए स्टाफ पटियाला ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के शूटर सिमरदीप सिंह को दो पिस्तौल और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।

लॉरेंस बिश्नोई गैंग का शूटर पिस्तौल और कारतूस के साथ गिरफ्तार।

लॉरेंस बिश्नोई गैंग का शूटर पिस्तौल और कारतूस के साथ गिरफ्तार।

जागरण संवाददाता, पटियाला। सीआईए स्टाफ पटियाला ने लॉरेंस बिश्नोई और रविंदर उर्फ काली बलोगी गैंग से जुड़े एक शूटर को दो ऑटोमेटिक जिगाना पिस्तौल और आठ कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान 21 वर्षीय सिमरदीप सिंह उर्फ जशन निवासी बज्जू माजरा कॉलोनी, सिटी खरड़, जिला मोहाली के रूप में हुई है।

एसएसपी हरमनदीप सिंह हंस ने बताया कि सीआईए प्रभारी इंस्पेक्टर सिमरन सिंह शेरगिल व उनकी टीम ने राजपुरा-पटियाला रोड पर गांव शेखूपुरा के पास आरोपित को गिरफ्तार किया। थाना सदर पटियाला में मामला दर्ज किया गया है।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपित सिमरदीप सिंह बुड़ैल जेल में बंद गैंगस्टर रविंदर उर्फ काली बलोगी का भतीजा है। पुलिस का दावा है कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से जुबली बिल्डर ग्रुप से करोड़ों रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। रंगदारी की रकम हासिल करने के लिए दहशत फैलाने के उद्देश्य से मोहाली में बिल्डरों के घरों पर फायरिंग की गई।

पांच करोड़ रुपये की रंगदारी के बाद फायरिंग

एसएसपी ने बताया कि जुबली ग्रुप के सहयोगी सक्षम छाबड़ा को विदेशी नंबर से फोन कर पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। रंगदारी नहीं मिलने पर चार सितंबर को मध्यरात्रि उसके घर पर अंधाधुंध फायरिंग की गई। इसी तरह जुबली ग्रुप से जुड़े बलजीत सिंह से वॉट्सऐप ऑडियो संदेश के माध्यम से चार करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया।

पुलिस के अनुसार, इसके बाद छह सितंबर की रात मोटरसाइकिल सवारों ने उसके घर पर भी फायरिंग की। पुलिस का कहना है कि दोनों घटनाओं में इस्तेमाल किए गए विदेशी हथियार बरामद कर लिए गए हैं। आरोपित के खिलाफ थाना फेज-11 मोहाली में पहले भी दो मामले दर्ज हैं।

पुलिस आरोपित को अदालत में पेश कर रिमांड लेने की प्रक्रिया में जुटी है। पूछताछ के दौरान नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपितों और वारदातों में उनकी भूमिका का पता लगाने का प्रयास किया जाएगा।