पति पर पत्नी का गला दबा हत्या करने का आरोप
गांव तरखानमाजरा में एक विवाहित महिला को उसके पति द्वारा गला दबाकर हत्या करने का मामला सामने आया है।
जेएनएन, समाना : गांव तरखानमाजरा में एक विवाहित महिला को उसके पति द्वारा गला दबाकर हत्या करने का मामला सामने आया है। सदर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमाटर्म के लिए समाना के सिविल अस्पताल लाया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। सिविल अस्पताल में मृतका कुलदीप कौर (35) के भाई गुरजीत सिंह पुत्र जय सिंह निवासी गांव गाजेवास ने पुलिस का बताया कि उसकी बहन की शादी करीब छह वर्ष पहले गांव तरखानमाजरा निवासी हरपाल सिंह पुत्र लाभ सिंह से हुई थी। शादी के बाद उसकी बहन कुलदीप कौर के पास तीन लड़कियां पैदा हुईं। इसको लेकर कुलदीप कौर का पति लड़कियां होने पर उससे मारपीट करता था। इसके इलावा कुलदीप कौर का पति नशे करने की लत का शिकार भी है। हरपाल सिंह उसकी बहन के चरित्र पर भी शक कर उससे अकसर मारपीट करता रहता था। गुरजीत सिंह ने बताया कि आज सुबह उन्होंने अपनी बहन के ससुराल हाल चाल जानने के लिए फोन किया था लेकिन फोन उसकी बहन के जेठ बलकार सिंह ने उठाया और उनसे कहा कि कुलदीप कौर की तबीयत ठीक नहीं है। इसके बाद उन्हे कुछ शक होने पर वह लोग सुबह करीब साढ़े सात बजे गांव तरखानमाजरा पहुंचे तो देखा कि उसकी बहन चारपाई पर लेटी हुई थी और उसके गले पर निशान थे तथा वह दम तोड़ चुकी थी। इसके बाद गौर से देखने पर पता चला कि कुलदीप कौर की गला घोंट कर हत्या की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुलदीप कौर की हत्या लड़कियां पैदा करने के चलते की गई है। कुलदीप कौर की 10 वर्ष, तीन वर्ष और दो वर्ष की तीन लड़कियां है। मृतका कुलदीप कौर के पिता जय सिंह ने भी अपने दामाद पर हत्या किए जाने का आरोप लगाते कहा कि उसकी लड़की अकसर उन्हें यह कहती थी कि लड़कियां होने से उसकी पति उससे मारपीट करता है। इसके इलावा वह उसके चरित्र पर भी शक करता था। इस संबंधी सदर थाना समाना के इंचार्ज गुरदीप सिंह संधु ने बताया कि पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमाटर्म के लिए समाना के सिविल अस्पताल भेज दिया है। मृतक महिला कुलदीप कौर के परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज किए जा रहे है। इसके इलावा पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने पर मौत के सही कारण का पता चल सकेगा। मामले की जांच कर अगली कार्रवाई की जाएगी।