मदद करना पड़ा भारी: पटियाला में अंबाला के व्यक्ति से ली लिफ्ट, उल्टी का बहाना बना रोका; मालिक के उतरते ही कार लेकर फरार
अंबाला से लिफ्ट लेकर पंजाब पहुंचे पांच अज्ञात लोगों ने पटियाला के राजपुरा इलाके में एक व्यक्ति की कार चुरा ...और पढ़ें
-1789753023091_m.webp)
लिफ्ट के बहाने कार लेकर फरार। सांकेतिक फोटो
HighLights
अंबाला से लिफ्ट लेकर पांच अज्ञात लोगों ने कार चुराई।
उल्टी का बहाना बनाकर पटियाला में गाड़ी रोकी गई।
मालिक के जाते ही चोर कार लेकर फरार हो गए।
जागरण संवाददाता, पटियाला। थाना सदर राजपुरा इलाके में लिफ्ट के बहाने अंबाला से पहुंचे पांच लोग कार लेकर फरार हो गए। घटना 15 सितंबर की है जिसके बाद मामला पुलिस थाने में पहुंचा। सदर राजपुरा पुलिस ने इस मामले में कार मालिक हरिंदरपाल सिंह निवासी लाल कुड़ती बाजार, अंबाला (हरियाणा) के बयानों पर पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। अभी किसी भी आरोपित की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आरोपितों के अंबाला से लेकर घटनास्थल तक की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
हरिंदरपाल सिंह के अनुसार वह अपनी हरियाणा नंबर की कार में बस स्टैंड अंबाला से गुजर रहा था। वहां पर पांच युवक खड़े थे। उन्होंने कहा कि उन्हें भी लुधियाना तक छोड़ दें। बदले में किराया भी देंगे। ऐसे में उन्होंने अकेले होने पर इन लोगों को कार में बिठा लिया।
बाथरूम करके लौटे तो कार लेकर फरार
हरियाणा से पंजाब में दाखिल होने के बाद पड़ाओ गांव के पास एक युवक ने कहा कि उसे उल्टी आ रही है और कार रोक दें। हरिंदरपाल ने गाड़ी रोक दी और वह खुद भी बाथरूम करने के लिए झाड़ियों की तरफ गए। चार अन्य युवक कार में ही थे और गाड़ी को चालू हालत में छोड़ दिया। जैसे ही वह बाथरूम करके लौटे तो देखा कि वे लोग उनकी कार लेकर फरार हो गए।
उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित किया और पुलिस ने जांच के बाद 17 सितंबर को एफआइआर दर्ज कर ली। थाना सदर प्रभारी किरपाल सिंह मोही ने कहा कि इलाके की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं। ये आरोपित लुधियाना की तरफ भागे हैं, जिस वजह से उस रूट के सीसीटीवी फुटेज भी चेक करवाए जा रहे हैं।
