शूटिग में गोल्ड मेडलिस्ट ने किया था नेशनल हॉकी खिलाड़ी व पावरकॉम मुलाजिम का कत्ल
पटियाला प्रताप नगर स्थित 24 नंबर फाटक के नजदीक नेशनल हॉकी खिलाड़ी व पावरकॉम कर्मी का डबल मर्डर करने वाला शूटिग में गोल्ड मेडलिस्ट है।
जागरण संवाददाता, पटियाला : प्रताप नगर स्थित 24 नंबर फाटक के नजदीक नेशनल हॉकी खिलाड़ी व पावरकॉम कर्मी का डबल मर्डर करने वाला शूटिग में गोल्ड मेडलिस्ट है। हाल ही में आर्मी द्वारा आयोजित शूट गन चैंपियनशिप में कत्ल करने वाले युवक ने गोल्ड व सिल्वर मेडल जीता था। युवक की पहचान 20 वर्षीय मनराज सिंह सराओ व उसके पिता 45 वर्षीय अमनदीप सिंह के रूप में हुई है। एसएसपी मंदीप सिंह सिद्धू ने पुष्टि करते हुए कहा कि पांच दिन की पड़ताल के बाद आरोपितों की पहचान क्लियर हुई है। यह दोनों पिता-पुत्र प्रताप नगर स्थित 24 नंबर फाटक के नजदीक एक पीजी में किराए के मकान में रहते हैं। फिलहाल इन दोनों आरोपितों की पहचान की गई है, लेकिन इनकी गिरफ्तारी नहीं हुई है। इन्हें गिरफ्तार करने के लिए रेड की जा रही है। 19 फरवरी को यह दोनों पिता-पुत्र फाटक के नजदीक नेपाली ढाबे पर खाना खा रहे थे, जहां पर नेशनल हॉकी खिलाड़ी अमरीक सिंह व उसके दोस्त सिमरनजीत सिंह उर्फ हैप्पी के साथ झगड़ा हो गया था। झगड़े के बाद मनराज सिंह ने दोनों को 12 बोर की बंदूक से गोलियां मार कत्ल कर दिया था।
तीन से अधिक टीमें बनाई थी
एसएसपी मंदीप सिद्धू ने बताया कि घटना के बाद आरोपितों की पहचान के लिए एसपी सिटी वरुण शर्मा, एसपी (डी) हरमीत हुंदल, डीएसपी कृष्ण कुमार पैंथे, डीएसपी योगेश शर्मा की अध्यक्षता में तीन से अधिक टीमें बनाई थी। इन लोगों ने अलग-अलग पहलुओं पर पड़ताल करते हुए प्रताप नगर, मजीठिया एंक्लेव मॉडल टाउन जैसे एरिया में जाकर चेकिग की थी, जिसके बाद आरोपितों की पहचान हुई है। आरोपित अमनदीप सिंह मूल रूप से पातड़ां के दुगाल एरिया का रहने वाला है जो इन दिनों एसएएस नगर मोहाली के सैक्टर 66 स्थित कोठी में रहता था। पत्नी से झगड़े के बाद आरोपित अमनदीप सिंह अपने बेटे मनराज के साथ प्रताप नगर एरिया में किराए के मकान में रहने लगा था। यहां पर मनराज सिंह की ट्रैप शूटिग की ट्रेनिग चल रही थी और यहीं पर वह एक कॉलेज में भी पढ़ाई कर रहा था।