दफ्तर पर कब्जे को लेकर निगम कर्मचारी नेता फिर आमने-सामने
म्यूनीसिपल वर्कर यूनियन के प्रधान पद को लेकर कर्मचारी नेताओं में जद्दोजहद जारी है।
जागरण संवाददाता, पटियाला : म्यूनीसिपल वर्कर यूनियन के प्रधान पद को लेकर कर्मचारी नेताओं में जद्दोजहद जारी है। म्यूनीसिपल वर्कर यूनियन से संबंधित भारतीय मजदूर संघ के प्रधान शिव कुमार ने शुक्रवार को अपने साथियों सहित कर्मचारी नेता केवल कृष्ण पर यूनियन के दफ्तर का ताला जबरन तोड़कर कब्जा करने का आरोप लगाया।
शिव कुमार ने कहा कि दफ्तर पर उनकी यूनियन का ताला लगा हुआ था, पर केवल कृष्ण ने अपने साथियों को साथ लेकर दफ्तर का ताला तोड़कर और जबरन दफ्तर पर कब्जा कर लिया। हालांकि दूसरी ओर कर्मचारी नेता केवल कृष्ण ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों ने उन्हें प्रधान पद के लिए चुना है। इसके अलावा विभिन्न कर्मचारी जत्थेबंदियों ने भी उन्हें ही समर्थन दिया है। जिससे साफ है कि कर्मचारी कहीं न कहीं पूर्व प्रधान शिव कुमार से खफा थे। उन्होंने कहा कि कुछ कर्मचारी दफ्तरी माहौल खराब करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि उनकी कमिश्नर के साथ मीटिग हो चुकी है और अगर यह कर्मचारी माहौल खराब करने से बाज न आए तो इन पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।