राजपुरा, सरहिद, पातड़ां व नाभा रोड पर धरना आज
पटियाला केंद्रीय कृषि सुधार कानून का विरोध कर रही किसान जत्थेबंदियां आज राज्य भर में हाईवे पर चक्का जाम करेंगी।
जागरण संवाददात, पटियाला : केंद्रीय कृषि सुधार कानून का विरोध कर रही किसान जत्थेबंदियां आज राज्य भर में हाईवे पर चक्का जाम करेंगी। जिला में राजपुरा, सरहिद, नाभा और पातड़ां रोड पर दोपहर 12 से शाम पांच बजे तक चक्का जाम करके प्रदर्शन किया जाएगा। उधर, पीआरटीसी अधिकारी किसान आंदोलन को लेकर असमंजस में हैं। अधिकारियों का कहना है बस सर्विस बंद करने को लेकर उनके पास कोई अधिकारिक तौर पर पत्र नहीं आया है। इसके चलते अभी तो वीरवार को बस सर्विस जारी रखी जाएगी। किसान नेताओं का कहना है कि वीरवार शाम को किसान जत्थेबंदियों की मीटिग में संघर्ष की अगली रणनीति तैयार की जाएगी। जिले की छह जगहों पर लगेगा धरना
भारतीय किसान यूनियन, क्रांतिकारी के जिला कमेटी मेंबर किसान सतवंत सिंह ने कहा कि जिले में छह जगह किसानों की ओर से जाम लगाया जाएगा। इनमें से राजपुरा रोड स्थित गांव धरेड़ी जट्टां स्थित टोल प्लाजा, नाभा, शुतराणा, अजीजपुर टोल प्लाजा, शंभू, सरहिद रोड स्थित गांव बारन के नजदीक और पटियाला देवीगढ़ रोड पर स्थित जौड़ियां सड़कों पर धरना लगाकर केंद्र के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया जाएगा। धरना शाम पांच बजे तक चलेगा। इस दौरान किसी भी वाहन को यहां से गुजरने नहीं दिया जाएगा। पीआरटीसी अधिकारी असमंजस में
बंद की काल को लेकर पीआरटीसी अधिकारी असमंजस में हैं। पटियाला डिपो के मैनेजर जेपी सिंह का कहना है कि उनके पास बस सर्विस बंद करने को लेकर कोई अधिकारिक पत्र नहीं आया है, इसके चलते वीरवार को पीआरटीसी बस सर्विस जारी रखी जाएगी, ताकि पब्लिक को किसी प्रकार की परेशानी न उठानी पड़े। धरेड़ी टोल प्लाजा पर धरना जारी
भारतीय किसान यूनियन, क्रांतिकारी की ओर से राजपुरा रोड स्थित गांव धरेड़ी नजदीक टोल प्लाजा पर धरना जारी रखा गया। इस दौरान यूनियन के जिला प्रधान रणजीत सिंह सवाजपुर ने कहा कि 30 किसान जत्थेबंदियों के आह्वान पर आज टोल प्लाजा व हाईवे को पूर्ण तौर पर बंद रखा जाएगा। इस दौरान एंबुलेंस सेवाओं प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।