विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाबी यूनिवर्सिटी में फीस बढ़ोतरी के खिलाफ छात्रों और पुलिस के बीच झड़प, डीन ने मांगी माफी

Published: Wed, 19 Aug 2026 08:43 PM (IST)

पंजाबी यूनिवर्सिटी, पटियाला में फीस बढ़ोतरी के खिलाफ 'जागो' निकाल रहे विद्यार्थियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई, जिसमें हल्का लाठीचार्ज भी हुआ।

पंजाबी यूनिवर्सिटी में विद्यार्थियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की, लाठीचार्ज।

पंजाबी यूनिवर्सिटी में विद्यार्थियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की, लाठीचार्ज।

HighLights

  1. पंजाबी यूनिवर्सिटी में फीस वृद्धि के खिलाफ छात्रों का प्रदर्शन

  2. 'जागो' के दौरान पुलिस से धक्का-मुक्की, हल्का लाठीचार्ज हुआ

  3. छात्रों ने वीसी आवास पर धरना दिया, डीन ने माफी मांगी

जागरण संवाददाता, पटियाला। पंजाबी यूनिवर्सिटी में फीस बढ़ोतरी के फैसले के खिलाफ बीती रात मंगलवार को 'जागो' निकाल रहे विद्यार्थियों और पुलिस कर्मचारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई। इस दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया। धक्का मुक्की के दौरान पुलिस को विद्यार्थियों पर हलका लाठीचार्ज भी करना पड़ा।

पुलिस व यूनिवर्सिटी प्रशासन की कार्रवाई से नाराज विद्यार्थियों ने देर रात को ही यूनिवर्सिटी के वीसी की कोठी के बाहर धरना लगाकर रोष प्रदर्शन शुरू कर दिया। करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों ने यूनिवर्सिटी प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ नारेबाजी की।

डीन ने मांगी छात्रों से माफी

विद्यार्थियों को भड़कते देख डीन अकादमिक मामले डॉ. जसविंदर बराड़ मौके पर पहुंचे और उन्होंने पुलिस द्वारा विद्यार्थियों पर की कार्रवाई को लेकर माफी मांगी। इसके बाद विद्यार्थियों ने अपना धरना खत्म किया।

विद्यार्थियों का आरोप था कि वे शांतिपूर्ण तरीके से 'जागो' निकाल रहे थे, लेकिन इसी दौरान पुलिस कर्मचारियों और यूनिवर्सिटी प्रशासन ने उन्हें रोकने की कोशिश की। पुलिस और यूनिवर्सिटी प्रशासन ने विद्यार्थियों के साथ धक्का-मुक्की की। विद्यार्थियों ने आरोप लगाया कि यूनिवर्सिटी प्रशासन उनके विरोध-प्रदर्शन को दबाने का प्रयास कर रहा है।

उनका कहना है कि इसी उद्देश्य से यूनिवर्सिटी परिसर में पुलिस कर्मचारियों को तैनात किया गया है। विद्यार्थियों ने कहा कि यूनिवर्सिटी प्रशासन को छात्रों की आवाज दबाने की बजाय उनकी समस्याओं को सुनना चाहिए।

वहीं, बृहस्पतिवार को विद्यार्थियों द्वारा यूनिवर्सिटी प्रशासन व पुलिस के धक्के के खिलाफ पीयू कैंपस में रोष मार्च निकाला गया। प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों ने चेतावनी दी कि यदि यूनिवर्सिटी प्रशासन ने उनकी आवाज दबाने का प्रयास जारी रखा तो वे अपना संघर्ष और तेज करेंगे।

यूनिवर्सिटी कैंपस में मंत्रियों और विधायकों की एंट्री बैन की चेतावनी

फीस बढ़ोतरी के खिलाफ विद्यार्थियों ने कहा कि मुख्यमंत्री ने यूनिवर्सिटी का कर्ज माफ करने का वादा किया था, पर आजतक यूनिवर्सिटी का कर्ज माफ नहीं हुआ। विद्यार्थियों ने कहा कि अब उनके द्वारा वीरवार से यूनिवर्सिटी कैंपस में आप के मंत्री और विधायकों की एंट्री को बैन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आप सरकार को कोई भी मंत्री व विधायक कैंपस में आएगा, तो उसका विरोध किया जाएगा और यह विरोध यूनिवर्सिटी का कर्ज माफ होने तक जारी रहेगा।