किसानों के खिलाफ केंद्र के अध्यादेश पर आप का प्रदर्शन
पटियाला आम आदमी पार्टी (आप) के लीडरों व वर्करों ने शुक्रवार को डीसी कार्यालय के समक्ष केंद्र व पंजाब सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की।
जागरण संवाददाता, पटियाला : आम आदमी पार्टी (आप) के लीडरों व वर्करों ने शुक्रवार को डीसी कार्यालय के समक्ष केंद्र व पंजाब सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की। इस दौरान उन्होंने लघु सचिवालय का गेट बंद कर दिया। तपती गर्मी में करीब आधा घंटा तक नारेबाजी करने के बाद एसडीएम उनके पास आए और उनसे मांगपत्र लिया। आप ने यह प्रदर्शन केंद्र सरकार के किसानों के विरोध में पास किए अध्यादेश के खिलाफ किया।
आप के ग्रामीण प्रधान चेतन सिंह जोड़ेमाजरा ने कहा कि केंद्र ने तीन अध्यादेश पास किए हैं, जो किसान विरोधी हैं। पहला किसानी उपज, व्यापार प्रोत्साहन व सहायक, दूसरा कीमत क्रांति एवं कृषि सेवाएं के अलावा तीसरा जरूरी वस्तुओं की कीमत में संशोधन शामिल है। 1965 में किसानों की फसल के चढ़ते और गिरते भाव के कारण उनको बचाने के लिए एवं किसानों के हितों की सुरक्षा, कृषि वस्तुओं की कीमत तय करने के लिए कमीशन का गठन किया गया था। उक्त कमीशन ने हाल ही में किसान एवं कृषि विरोधी शांता कुमार कमेटी की सिफारिश जिसमें पंजाब में हरियाणा में धान की सरकारी खरीद बंद करने की सिफारिश है, केंद्र सरकार के पास भेजी है। यह फैसला सीधे-सीधे बड़ी खरीद कंपनियों को फायदा पहुंचाने के लिए किया गया है। इस तरह वे कंपनियां किसानों से अपनी मनमर्जी के दामों पर उनकी फसल की खरीद करेंगी। ऐसे में उनकी मांग है कि पंजाब और हरियाणा में किसानों की फसल के दाम लागू हैं और वही लागू ही रहने दिए जाएं।
प्रदर्शन के समय रिव्यू कमेटी के चेयरमैन डॉ. बलबीर सिंह, हरचंद सिंह बरसट, सूबा प्रधान व्यापार विग नीना मित्तल, सूबा प्रधान लीगल सेल ज्ञान सिंह मूंगो, पूर्व सैनिक विग के प्रधान मेजर आरपीएस मल्होत्रा, प्रदेश के महासचिव जरनैल सिंह मन्नु, जेपी सिंह के साथ मालवा जोन के उपाध्यक्ष मेघचंद शेरमाजरा, हलका इंचार्ज इंद्रजीत संधू, बलकार सिंह गज्जूमाजरा, दविदर सिंह बरास, गुरदेव सिंह देवमान, कुंदन गोगिया, प्रीत मल्होत्रा, कुलवंत बाजीगर, जिला प्रधान महिला विग वीरपाल कौर, करनवीर सिंह टिवाणा, संदीप बंधू आदि मौजूद रहे।