विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खाने में देरी पर हुई बहस, पटियाला में ढाबा मालिक ने चार छात्रों को बंधक बनाकर पीटा; नग्न कर बनाई वीडियो फिर माफी मंगवाई

Published: Sun, 18 Oct 2026 06:08 AM (IST)

पटियाला के जिमींदारा ढाबे पर खाने में देरी को लेकर हुए विवाद में ढाबा मालिक और उसके साथियों ने चार ...और पढ़ें

जख्म दिखाते पीड़ित छात्र। फोटो जागरण

जख्म दिखाते पीड़ित छात्र। फोटो जागरण

HighLights

  1. ढाबे पर खाने में देरी को लेकर हुआ विवाद।

  2. युवकों को अगवा कर नग्न कर बेरहमी से पीटा।

  3. तलवार से हमला कर नकदी, मोबाइल भी छीने।

जागरण संवाददाता, पटियाला। पंजाबी यूनिवर्सिटी के नजदीक विद्या नगर के बाहर राजपुरा रोड पर जिमींदारा ढाबे पर खाना परोसने में देरी होने पर चार युवकों और ढाबा मालिक व स्टाफ के बीच विवाद हो गया। इसके बाद ढाबा मालिक ने स्टाफ के साथ मिलकर उन युवकों का अपहरण कर कमरे में बंधक बनाकर फिर पीटा।

हर थप्पड़ के बाद मजा नहीं आया कहकर वे उनको पीटते रहे। ढाबे के पिछले हिस्से में बने कमरे में मारपीट करने के बाद उनको अगवा करके फार्म हाउस ले गए। वहां पर दोबारा मारपीट की गई। चारों दोस्तों को नग्न कर वीडियो बना उनसे माफी मंगवाई। फिर एक युवक के सिर पर तलवार से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

यही नहीं उन युवकों से नकदी, मोबाइल फोन व सोने की बाली छीन ली। फार्म हाउस में मारपीट के दौरान एक युवक के सिर फोड़ा तो डाक्टर बुलाकर वहीं पर टांके लगवाए।

आरोप है कि बिना एनेस्थीसिया के टांके लगाने के दौरान डाक्टर ने भी पीटा और बाद में जान से मारने की धमकियां देते हुए संगरूर रोड पर मैण गांव के नजदीक फेंक दिया। घटना 15 अक्टूबर की रात की है। आरोप है कि ढाबा मालिक ने अपने बेटे, भतीजे और आठ-दस अन्य लोगों के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया है।

खाने में देरी पर हुई बहस

शिकायतकर्ता हरदीप सिंह के अनुसार, वह पटियाला के अर्बन एस्टेट फेज-दो में किराये के मकान में रहता है और खालसा कालेज में उर्दू की पढ़ाई करता है। 15 अक्टूबर की रात करीब 9:30 बजे वह अपने तीन दोस्तों रायप्रीत सिंह निवासी जिला फतेहाबाद, हरियाणा, फिरोज खान निवासी गांव जखेपल, जिला संगरूर और चसप्रीत सिंह निवासी गांव डुडियां, थाना मूनक के साथ खाना खाने के लिए पंजाबी यूनिवर्सिटी के पास स्थित जिमींदारा ढाबे पर गया था।

ऑर्डर देने के काफी देर बाद भी जब खाना नहीं आया तो उन्होंने वेटर से दोबारा पूछा। इस बात पर वेटर से बहस हो गई। कुछ देर बाद ढाबा मालिक सुखविंदर सिंह अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा। उन्होंने कहा कि ढाबे के पीछे बने कमरे में बैठकर मामला सुलझा लेते हैं, जहां पर उन्हें बंधक बनाकर मारपीट शुरू कर दी।

ढाबा मालिक, उसके बेटे, भतीजे समेत इन लोगों पर केस दर्ज

थाना अर्बन एस्टेट पुलिस ने शिकायतकर्ता हरदीप सिंह निवासी गांव गोबिंदपुरा पापड़ा, थाना मूनक जिला संगरूर के बयान पर ढाबा मालिक सुखविंदर सिंह, उसके बेटे हैरी सिंह, भतीजे दिलप्रीत सिंह निवासी गांव फतेहमाजरी, तहसील समाना जिला पटियाला और आठ-दस अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

यह मामला 16 अक्टूबर को दर्ज हुआ है। थाना प्रभारी सुखविंदर सिंह गिल ने कहा कि मामूली बहस के बाद यह वारदात हुई है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लेंगे।

फार्म हाउस में बेल्टों से पीटा

शिकायत के मुताबिक, आरोपितों ने हरदीप सिंह समेत चारों दोस्तों को ढाबे के पीछे बने कमरे में बंद कर पहले तो डंडों और राड से पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान उन्हें नग्न कर वीडियो भी बनाई गई। उनके पैर बांधकर गाड़ी में डाल दिया और संगरूर रोड स्थित एक फार्म हाउस में ले जाया गया, जहां चमड़े की बेल्टों से दोबारा मारपीट की गई।

हरदीप ने आरोप लगाया कि फार्म हाउस में सुखविंदर सिंह ने उसके दोस्त चसप्रीत सिंह के सिर पर तलवार से वार किया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके सिर से काफी खून बहने लगा। इसके बाद आरोपितों ने एक डाक्टर और दो अन्य लोगों को मौके पर बुलाया। डाक्टर ने युवक के सिर पर टांके लगाए।

आइफोन, नकदी और सोने की बाली छीनने का आरोप

शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपितों ने उसके दोस्त फिरोज खान का आइफोन-17, जसप्रीत सिंह से 10 हजार रुपये व सोने की बाली तथा उसकी जेब से 16 हजार रुपये निकाल लिए। इसके बाद चारों दोस्तों को फिर पीटा गया और गाड़ी में डालकर गांव मैण के पास संगरूर-पटियाला बाईपास पर फेंक दिया।

पुलिस को शिकायत देने पर जान से मारने की धमकियां देने के बाद आरोपित फरार हो गए। बताया जा रहा है कि आरोपित सुखविंदर सिंह पूर्व सरपंच है, जिसका पहले भी नजदीक रहने वाले एक परिवार से झगड़ा हुआ था। ढाबे के आसपास दुकानें है, जो रात नौ बजे बंद हो जाती हैं। ढाबे के पिछले हिस्से में पूर्व विधायक की रिहायश है लेकिन उन्हें भी इस घटना की भनक नहीं लगी।