सभी कॉलेजों में लगेंगे 550 पौधे : धर्मसोत
सरकार प्रदेश के सभी कॉलेजों में 550 पौधे लगाकर एक व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाएगी।
संस, राजपुरा : श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व को लेकर सरकार प्रदेश के सभी कॉलेजों में 550 पौधे लगाकर एक व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाएगी। वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत आज आर्यंस ग्रुप ऑफ कॉलेज, राजपुरा से की गई है। यह बात वन, वन्यजीव और सामाजिक कल्याण मंत्री साधु सिंह धर्मसोत ने आर्यंस कैंपस में छात्रों और स्टाफ को संबोधित करते हुए कही। पंजाबी यूनिवर्सिटी के वीसी डॉ. बीएस घुम्मण गेस्ट ऑफ ऑनर थे। आर्यंस ग्रुप के चेयरमैन डॉ. अंशु कटारिया ने समारोह की अध्यक्षता की। कॉलेज में अनरमी, दुरांटा, अमरूद, नींबू, जामुन, सीताफल, करौंदा, कथल आदि के पौधे लगाए गए। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि छात्रों को उन्हें पूरी तरह से संभालने की जिम्मेदारी भी उठानी चाहिए। बीएस घुम्मण ने कहा कि सभी को वृक्षारोपण में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए तभी ही वातावरण संभाला जा सकता है। इससे आने वाली पीढ़ी को लाभ होगा। उन्होंने बताया कि हर एक विद्यार्थी कम से कम एक पेड़ जरूर लगाए और अपने सहपाठियों को प्रेरित करे और अपने घर, गांवों और शहर के वातावरण को प्रदूषण से मुक्त रखें। डॉ. कटारिया ने इस अवसर पर बोलते हुए कहा कि मानव जाति के अस्तित्व के लिए हरियाली और पर्यावरण संरक्षण आवश्यक है।