पटियाला के शंभू बॉर्डर पर 547 KG संदिग्ध पनीर बरामद, पंजाब पुलिस को नहीं मिला ड्राइवर से रिकॉर्ड
शंभू थाना क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान एक पिकअप गाड़ी से 547 किलो संदिग्ध पनीर जब्त किया गया है।

शंभू बॉर्डर पर 547 KG संदिग्ध पनीर बरामद (फाइल फोटो)
HighLights
शंभू बॉर्डर पर पिकअप गाड़ी से 547 किलो पनीर बरामद
चालक के पास पनीर संबंधी कोई वैध रिकॉर्ड नहीं था
खाद्य सुरक्षा विभाग ने पनीर के नमूने जांच के लिए भेजे
जागरण संवाददाता, पटियाला। शंभू थाना क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान पिकअप गाड़ी से भारी मात्रा में पनीर बरामद किया गया है। एएसआइ बलविंदर सिंह ने बताया कि संदेह के आधार पर जब पिकअप गाड़ी को रोककर जांच की गई तो उसमें से 547 किलो संदिग्ध पनीर मिला।
स्वास्थ्य विभाग की टीम को मौके पर बुलाया गया। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गुरप्रीत कौर ने बताया कि चालक के पास पनीर की खरीद-फरोख्त या सप्लाई से संबंधित बिल या पुख्ता रिकॉर्ड नहीं था।
चालक के अनुसार यह खेप नरवाना की ओर से लाई जा रही थी। फूड सेफ्टी विभाग ने पनीर को सील कर कब्जे में ले लिया है और संदेह के आधार पर जांच के लिए सैंपल लैब भेज दिए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
