पंजाब के 9 डिपो से चलेंगी 100 मिनी बसें, पटियाला में हरी झंडी दिखाकर CM मान ने की शुरुआत
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पटियाला से पीआरटीसी की 100 नई मिनी बसों को हरी झंडी दिखाई, जो ग्रामीण क्षेत्रों को शहरों से जोड़कर आवागमन को सुगम बनाएंगी।

पंजाब के नौ डिपो के माध्यम से 29 सीटों वाली 100 मिनी बसें ग्रामीण मार्गों पर चलेंगी।
HighLights
मुख्यमंत्री मान ने 100 नई मिनी बसों को हरी झंडी दिखाई।
बसें ग्रामीण क्षेत्रों को शहरों से जोड़कर आवागमन सुगम बनाएंगी।
150 युवाओं को रोजगार मिला, 309 और बसें जल्द जुड़ेंगी।
जागरण संवाददाता, पटियाला। पंजाब के पटियाला जिले से पीआरटीसी की 100 नई मिनी बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने घोषणा की कि जिस तरह नहरी पानी हर खेत तक पहुंचाया गया है, उसी तरह पंजाब के हर गांव तक बसें पहुंचाई जाएंगी।
गांवों से शहरों तक जाने वाली बस सेवाएं बंद करने के लिए पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि ये नई बसें ग्रामीण संपर्क व्यवस्था को मजबूत करेंगी, दैनिक आवागमन को आसान बनाएंगी तथा शिक्षा, रोजगार और आवश्यक सेवाओं तक लोगों की पहुंच में सुधार करेंगी।
अगले महीने पीआरटीसी बस बेड़े में 309 और बड़ी बसें शामिल करने की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 29 सीटों वाली 100 मिनी बसें शामिल किए जाने से लगभग 150 युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। इसके अलावा, 15 युवाओं को तत्काल परिवहन विभाग में नियुक्ति पत्र सौंपे गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हमने पटियाला में पीआरटीसी के बेड़े में 100 नई मिनी बसें शामिल की हैं। ये बसें विशेष रूप से हमारे गांवों को शहरों से जोड़ेंगी, जिससे गांवों के निवासियों के लिए यात्रा अधिक सुविधाजनक हो जाएगी।
हमने विभाग में नौकरियों के लिए 15 युवाओं को नियुक्ति पत्र भी सौंपे हैं। सार्वजनिक परिवहन सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए अगले महीने बस बेड़े में 309 और नई बड़ी बसें शामिल की जाएंगी।
बसों को हरी झंडी दिखाने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्य मंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि सार्वजनिक परिवहन केवल एक स्थान से दूसरे स्थान तक जाने का साधन नहीं है, बल्कि यह ग्रामीण समुदायों के लिए जीवनरेखा है। विश्वसनीय बस सेवाओं से विद्यार्थियों को शिक्षा प्राप्त करने में मदद मिलती है, परिवारों को रोजगार के अवसर मिलते हैं और गांवों का आर्थिक एवं सामाजिक ताना-बाना मजबूत होता है।
संतुलित विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह हमने यह सुनिश्चित किया है कि नहरी पानी हर खेत तक पहुंचे, उसी तरह हम यह भी सुनिश्चित करेंगे कि बसें पंजाब के हर गांव तक पहुंचें। विकास का लाभ प्रत्येक घर तक पहुंचना चाहिए, चाहे लोग बड़े शहरों, छोटे कस्बों या दूरदराज के गांवों में रहते हों।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इन बसों को पटियाला, बठिंडा, चंडीगढ़, संगरूर, बरनाला, बुढलाडा, कपूरथला, फरीदकोट और लुधियाना सहित विभिन्न डिपो में वितरित किया गया है। अगले महीने पी आर टी सी बस बेड़े में 309 और बड़ी बसें शामिल की जाएंगी। पूरे पंजाब में लगभग 3,000 निजी मिनी बसें भी गांवों, कस्बों और शहरों को जोड़ रही हैं।
हम लोगों की यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क को लगातार मजबूत कर रहे हैं। इन 100 नई मिनी बसों की शुरुआत से लगभग 150 ड्राइवरों और कंडक्टरों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
पीआरटीसी के चेयरमैन एडवोकेट हरपाल जुनेजा ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा 100 जूनियर बसों को हरी झंडी दिखाने के लिए मुख्यमंत्री का खास शुक्रिया अदा किया। चेयरमैन एडवोकेट जुनेजा ने कहा कि मुख्यमंत्री एस. मान के निर्देशों के अनुसार और ट्रांसपोर्ट मंत्री हरपाल सिंह चीमा के नेतृत्व में पीआरटीसी राज्य के लोगों को अच्छी ट्रांसपोर्ट सुविधाएं देने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। उन्होंने कहा कि अभी इन मिनी बसों का वितरण किया गया है और इनके रूट व टाइमिंग अगले एक-दो दिन में तय कर दिए जाएंगे।
100 मिनी बसों का डिपोवार वितरण
पटियाला: 25 बसें
बठिंडा:15 बसें
चंडीगढ़:15 बसें
संगरूर:10 बसें
बरनाला: 9 बसें
बुढलाडा: 8 बसें
कपूरथला: 7 बसें
फरीदकोट: 6 बसें
लुधियाना: 5 बसें
