यूथ कांग्रेस के चुनाव कल, 9300 वोटर चुनेंगे अपना नेता
जिला में यूथ कांग्रेस का चुनाव शुक्रवार को होगा।
वीरेन पराशर, पठानकोट : जिला में यूथ कांग्रेस का चुनाव शुक्रवार को होगा। जिले के 9300 युवा वोटर अपने नेता का चुनाव करेंगे। पठानकोट में जिलाध्यक्ष, महासचिव और विधानसभा हलका अध्यक्ष के पदों के लिए 25 उम्मीदवार मैदान में हैं। सबसे रोचक मुकाबला जिलाध्यक्ष पद के लिए तोषित महाजन और रोहित सरना के बीच है। विभिन्न पदों के चुनाव को लेकर प्रत्येक विस हलके में मतदान केंद्र स्थापित किया गया है।
मतदान के बाद चुनाव परिणाम सात दिसंबर शनिवार को आएंगे। इसमें जिलाध्यक्ष, महासचिव और विस अध्यक्ष के विजेताओं के नामों का एलान होगा। मतों की गिनती डीसीसी कार्यालय पठानकोट में की जाएगी। इन चुनाव के लिए पार्टी हाईकमान ने दिल्ली से टीम जिला में नियुक्त की है। यह टीम चुनाव को पारदर्शी बनाने के साथ ही सफल आयोजन का जिम्मा संभाले हुए है। विस हलके में इतने वोट
पठानकोट : 4000 वोट
सुजानुपर : 3300 वोट
भोआ : 2000 वोट यहां होंगे मतदान केंद्र
पठानकोट विस हलका : अग्रवाल भवन पठानकोट
भोआ विस हलका : आरके पैलेस भोआ
सुजानपुर विस हलका : सत्यम पैलेस सुजानपुर
आठ से तीन बजे तक होगी वोटिग
छह दिसंबर शुक्रवार को पदों के लिए मतदान होगा। सुबह आठ बजे वोटिग शुरू होगी। जबकि वोटर शाम तीन बजे तक वोट डाल सकेंगे। ऐसे करें मतदान
मतदान केंद्र में टैब पर मतदान प्रक्रिया होगी। मौके पर तैनात अधिकारी वोटर को इसकी जानकारी देगा। हर वोटर कुल पांच वोट डालेगा। इसके लिए टैब पर पांच ऑप्शन होंगी। इसमें पहले प्रदेशाध्यक्ष, प्रदेश महासचिव, जिलाध्यक्ष, जिला महासचिव, विधानसभा समिति के ऑप्शन होंगे। वोटर को ऊपर से हर पद के ऑप्शन को टच करना होगा। इसके बाद उम्मीदवार के नाम का बैलेट पेपर सामने आएगा, जिसमें वोटर अपने पसंद के उम्मीदवार को वोट डाल सकेंगे। इसके लिए ऊपर समयसीमा भी तय होगी। वोट डालने के बाद यह स्वयं सेव हो जाएगा। इसके बाद कोई भी उसे नहीं बदल सकेगा। एक टैब में पांच सौ वोट डाले जाएंगे। वोटर की गिनती के हिसाब से टैब हर विधानसभा हलके को आबंटित किए गए हैं।
हर वोटर को अपना नेता चुनने का विकल्प : डीआरडीओ शेख अजहर
यूथ कांग्रेस के डीआरओ शेख अजहर का कहना है कि यूथ कांग्रेस के चुनाव लोकतांत्रिक तरीके से हो रहे हैं। हर वोटर को अपना नेता चुनने का विकल्प होगा। जबकि, संगठन ने युवाओं को संगठन का नेतृत्व करने का अवसर दिया है। इस चुनाव प्रणाली से जिला एवं राज्य को मजबूत एवं योग्य पदाधिकारी मिलेंगे। आने वाले समय में कांग्रेस पार्टी के लिए युवा नेता अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसके लिए बाहर से संगठन की टीम जिम्मा संभाले हुए है।