बेटी की सहेली से पिता का चक्कर, समझाने गई मां-बेटी से झड़प, घायल
घर में बेटी से पढ़ने आई आधे से कम उम्र की सहेली से पिता (कबाड़ कारोबारी) का नैन- मटक्का हो गया।
भीष्म भनोट, पठानकोट : घर में बेटी से पढ़ने आई आधे से कम उम्र की सहेली से पिता (कबाड़ कारोबारी) का नैन- मटक्का हो गया। लड़की की सहेली का उसके पिता के साथ छह महीने से नैन-मटक्का चल रहा था पर परिवार को इसकी भनक तक नहीं लगी। मामला उस वक्त झड़प में तबदील हो गया जब बेटी अपने पिता का मोबाइल चला रही थी, पिता के फोन पर बेटी की सहेली का फोन आया और बोली जानू क्या हाल है... पिता के फोन पर जानू शब्द सुनकर बेटी बोली मैं जानू नहीं जानू की बेटी बोल रही हूं। इसके बाद लड़की ने फोन काट दिया। फोन काटने के बाद बेटी ने उसके पिता के मोबाइल नंबर पर आए नंबर पर अपने मोबाइल फोन से कॉल की तो फोन बुक में सेव नंबर देख कर बेटी दंग रह गई। ऐसा इसलिए क्योंकि पिता के मोबाइल पर फोन कर जानू कहने वाली कोई और नहीं बल्कि उसी के घर के पास रहने वाली उसी की सहेली थी। इसके बाद दोनों सहेलियों में काफी देर तक बहस होती रही।
इस घटना क्रम संबंधी बेटी और मां ने जब पिता से पूछा तो उसने इन सभी आरोपों को नकारते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद रविवार सुबह करीब 11:30 बजे मां-बेटी दोनों बेटी की सहेली के घर उसे समझाने पहुंची तो दोनों पक्षों में झड़प हो गई। झड़प में मां-बेटी दोनों घायल हो गए। दोनों घायल अवस्था में सिविल अस्पताल की इमरजेंसी वार्ड पहुंचे और मेडिकल करवा बेटी की सहेली के खिलाफ थाना डिवीजन नंबर-2 में लिखित शिकायत दर्ज करवाई है।
बेटी का आरोप है कि उसी के घर के पास रहने वाली उसकी सहेली मार्च महीने में उसके घर में पढ़ने के लिए आती थी इसी दौरान उसने उसके पिता से इश्क लड़ा लिया और अब उसके पिता के पैसों से ऐश कर रही है।
वह सहेली का पिता के साथ रिलेशनशिप होने का पता चलने के बाद जब मां के साथ उसके घर उसे समझाने गई तो सहेली सहित अन्य परिजनों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें दोनों घायल हो गए। इस घटनाक्रम संबंधी उन्होंने पुलिस को शिकायत भी दी है।
घर में पढ़ने आती थी सहेली
पीड़ित बेटी ने बताया कि उसकी सहेली मार्च माह में उसके घर में उससे पढ़ने के लिए आती थी, इसी दौरान वह करीब डेढ़ से दो महीने उनके घर भी रही। इसी दौरान उसकी सहेली ने उसके पिता पर डोरे डालना शुरू कर दिया और अब उसके पिता के पैसों से ऐश कर रही है। एक्सवाई के नाम से पिता ने सेव किया था बेटी की सहेली का नंबर
बेटी ने बताया कि उसके पिता ने उसकी सहेली लड़की का नंबर अपने मोबाइल फोन पर एक्सवाई के नाम से सेव किया हुआ था, पिता के फोन पर उसकी सहेली की कॉल आने पर जब उसके जांच शुरू की तो देखा किया उसके पिता के मोबाइल बुक में एक्सवाई के नाम से सेव नंबर उसकी सहेली का निकला।
सहेली से नहीं बनती इसलिए बदनाम कर रही
वहीं दूसरे पक्ष की लड़की ने इन सभी आरोपों को नकारते हुए कहा कि उसकी अपनी सहेली से नहीं बनती इसलिए वह अपने पिता का नाम लेकर उसे बदनाम करने की कोशिश कर रही है। रविवार को उसकी सहेली व उसकी मां दोनों ने उसके घर आकर झगड़ा भी किया है।