दीवार गिरने से पांच लोग मलबे में दबे, दो व्यक्तियों की मौके पर ही मौत
पठानकोट में एक निर्माणाधीन चारदीवारी गिरने से पांच लोग मलबे में दब गए। दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पठानकोट, जेएनएन। शहर में एक मकान की निर्माणाधीन चारदीवार गिर गई और इसमें पांच लोग दब गए। इससे दो लोगों की मौत हो गई और तीन व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर हालत होने के कारण घायल दो व्यक्तियों को अमृतसर रेफर किया गया है। एक का इलाज पठानकोट के सिविल अस्पताल में चल रहा है। ये लोग चारदीवारी की पलस्टर कर रहे थे।
घटना शहर के विष्णुनगर क्षेत्रे में हुई। हादसा दोपहर के समय हुआ। जानकारी के अनुसार दो राजमिस्त्री और तीन मजदूर यहां एक मकान की चारदीवारी का निर्माण कर रहे थे। वे चारदीवारी की पलस्तर कर रहे थे। तभी अचानक वह ढह गई और पांचाें उसमें दब गए।
इससे वहां अफरातफरी मच गई और लोगों ने तुरंत मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। दो मजदूरों पठानकोट के लमीनी निवासी तिलक राज और छत्तीसगढ़ के बगरवां निवासी प्रेम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। लोगों ने घायल दो राजमिस्त्री और एक मजदूर को सिविल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद मिस्त्रियों की हालत नाजुक होने पर रेफर कर दिया गया। वहीं, एक घायल मजदूर का पठानकोट के सिविल अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने मौके पर आकर मामले की पड़ताल की है और हादसे को लेकर जानकारी जुटाई।