पठानकोट में दिखे हथियारों से लैस तीन संदिग्ध, पुलिस अलर्ट
भदरोया क्षेत्र और हिमाचल प्रदेश के डमटाल में रविवार को तीन हथियारबंद संदिग्ध देखे गए। इसके बाद दोनों राज्यों की पुलिस ने सर्च अभियान चलाया।
जेएनएन, पठानकोट। सीमावर्ती पठानकोट के साथ सटे भदरोया क्षेत्र और हिमाचल प्रदेश के डमटाल में रविवार को तीन हथियारबंद संदिग्ध देखे गए। इसके बाद दोनों राज्यों की पुलिस ने सर्च अभियान चलाया।
भदरोया निवासी एक मूक बधिर युवक ने कृष्णा मंदिर के समीप एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों को देखा। सेना की वर्दी पहने युवकों के पास बंदूकें थीं और उन्होंने पीठ पर बैग बांध रखे थे। उक्त युवक ने तत्काल इसकी सूचना मोहल्ले की महिला सृष्टि देवी को दी। महिला ने डमटाल पुलिस चौकी को सूचित किया। इसके तत्काल बाद एसएसपी ने अपने क्षेत्र में घेराबंदी कर ली।
पठानकोट से डीएसपी सिटी सुखजिन्द्र सिंह तथा थाना डिवीजन नंबर-2 के प्रभारी रविन्द्र सिंह पुलिस जवानों को साथ लेकर तत्काल भदरोया पहुंचे। उन्होंने हिमाचल प्रदेश पुलिस को साथ लेकर कृष्णा मंदिर तथा डमटाल क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। सायं करीब पांच बजे शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन रात करीब साढ़े सात बजे तक जारी रहा। इस दौरान पुलिस ने स्थानीय लोगों तथा मंदिर के समीप रहने वाले लोगों की घरों की तलाशी भी ली। वहीं राहगीरों से भी संदिग्धों के बारे में पूछताछ की गई।
एसएसपी विवेकशील सोनी ने कहा कि करीब दो घंटे चली सर्च में फिलहाल कुछ नहीं मिला है। पुलिस ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर ली है और जांच जारी है। सोमवार सुबह भी सर्च अभियान चलाया जा सकता है।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें