उमस भरी गर्मी से लोग परेशान
शुक्रवार को दिन भर शरीर को झुलसा देने वाली तपिश रही तो वहीं शाम होते ही मौसम में बदलाव आया और आसमान में बादल छा गए।
संवाद सहयोगी, पठानकोट
शुक्रवार को दिन भर शरीर को झुलसा देने वाली तपिश रही तो वहीं शाम होते ही मौसम में बदलाव आया और आसमान में बादल छा गए। बादलों की छाव से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। लेकिन शुक्रवार को पिछले एक सप्ताह की तुलना में तापमान में काफी बढ़ोतरी रही जिसके चलते गर्मी से लोग काफी प्रभावित हुए है। गर्मी के कारण लोगों पर तो असर हो ही रहा है साथ ही पंक्षी भी इससे बेहाल हैं। शुक्रवार सायं मौसम में बदलाव जरूर हुआ लेकिन दिन भर की गर्मी ने लोगों को पूरी तरह से बेहाल रखा, दिन भर लोग चिलचिलाती गर्मी से बचने के लिए उपाय करते हुए देखे गए। दो पहिया चालकों में महिलाओं ने अपने शरीर को पूरी तरह से कपड़े ढक रखा था तो कईयों ने छातों का सहारा लिया हुआ था। परंतु सांय के समय आसमान में बादल छाने के कारण कुछ राहत मिली। लेकिन गर्मी के कारण रोजमर्रा के जीवन पर काफी प्रभाव देखा गया। स्थित ऐसी बन चुकी है कि कूलर व पंखों की हवा भी गर्म देने लगे है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिन मौसम मिला जुला रहेगा और बारिश होने की संभावना है।