'टिकट मिलता है तो जरूर लड़ेंगे चुनाव', पठानकोट पहुंचे सिद्धू मूसेवाला के पिता; बेटे की हत्या की जांच पर छलका दर्द
पठानकोट पहुंचे सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने पंजाब सरकार पर गैंगस्टरों के सामने झुकने और पुलिस को स्वतंत्र काम न करने देने का आरोप लगाया।

पठानकोट पहुंचे सिद्धू मूसेवाला के पिता। फोटो जागरण
HighLights
सरकार गैंगस्टरों के सामने झुकी, पुलिस को स्वतंत्र काम नहीं करने दे रही।
मूसेवाला हत्याकांड की धीमी जांच पर बलकौर सिंह का दर्द छलका।
2027 में मानसा से चुनाव लड़ने की इच्छा, पार्टी फैसला सर्वोपरि।
जितेंद्र शर्मा, पठानकोट। पिछले साल बाढ़ के कारण सीमांत एरिया में प्रभावित हुए घरों के पुन: निमार्ण के चल रहे कार्यों की समीक्षा करने पठानकोट के लमीनी में पहुंचे दिवंगत पंजाबी गायक शुभदीप सिंह (सिद्धू मूसेवाला) के पिता बलकौर सिंह ने कहा कि सरकार गैंगस्टरों के सामने पूरी तरह से झुक चुकी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की ओर से पुलिस प्रशासन को स्वतंत्र तरीके से काम नहीं करने दिया जा रहा जिस कारण ही पंजाब के हालात बद से बदत्तर हो रहे हैं।
बलकौर सिंह देश, विदेशों सहित पंजाब भर में जन सेवा के प्रोजेक्ट चला रही संस्था मिडलैंड लंगर सेवा सोसायटी के फाउंडर प्रेजीडेंट रणधीर सिंह हीर और भारत में इस संस्था के प्रोजेक्टों की देख रेख कर रहे तेजिंदर सिंह के साथ पठानकोट पहुंचे थे।
उन्होंने कहा कि पंजाब में लाॅ एंड आर्डर नाम की कोई चीज नहीं बची है। मौके पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए मानसा से चुनाव लड़ने की इच्छा, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग से वैचारिक मतभेद और सिद्दू की हत्या के बाद जांच की धीमी रफ्तार पर सवाल उठाए।
पंजाब सरकार पर खड़े किए सवाल
उन्होंने कहा कि पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा वडिंग के साथ मतभेदों पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि वडिंग से उनकी कोई व्यक्तिगत दुश्मनी या रंजिश नहीं है। कुछ क्षेत्रीय मुद्दों और काम करने के तरीके को लेकर वैचारिक मतभेद जरूर थे, जिन्हें उन्होंने पार्टी के मंच पर अपनी बात के रूप में रखा था।
उन्होंने कहा कि पंजाब की वर्तमान कानून व्यवस्था, राज्य की राजनीति, गैंगस्टर कल्चर और आगामी 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों को लेकर बड़े सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार ने गैंगस्टरवाद से समझौता कर लिया है।
उन्होंने साफ कहा कि पुलिस प्रशासन को स्वतंत्र रूप से काम नहीं करने दिया जा रहा, जिसके कारण राज्य में अपराध एक बड़े कारोबार का रूप ले चुका है जोकि आगामी भविष्य में पंजाब के लिए बेहद मुश्किल का दौर खड़ा कर देगा।
हम जरूर लड़ेंगे चुनाव
इस मौके पर जब उनसे 2027 चुनाव लड़ने और मानसा से टिकट संबंधी पूछा गया तो उन्होंने कहा कि
पार्टी का फैसला सर्वोपरि है। बलकौर सिंह ने कहा, हम कांग्रेस पार्टी के सच्चे कार्यकर्ता के रूप में लगातार क्षेत्र में काम कर रहे हैं। यदि पार्टी उनकी सेवाओं को बेहतर समझती है और उन्हें मानसा से मौका देती है, तो वे चुनाव जरूर लडेंगे। लेकिन अगर पार्टी किसी अन्य साथी को टिकट देती है, तो वे नाराज होकर घर नहीं बैठेंगे। पार्टी का फैसला उनके लिए अंतिम और सर्वोपरि होगा।
2027 का चुनाव होगा बेहद खतरनाक
बलकौर सिंह ने कहा कि सरकार की ओर से पुलिस पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है जिससे प्रतीत होता है कि वर्ष 2027 का चुनाव बेहद खतरनाक होगा। उन्होंने चिंता जाहिर करते हुए कहा कि उनके लिए तो हालात उसी दिन से खतरनाक बने हुए हैं जिस दिन उन्होंने अपने बेटे को खोया।
आज पंजाब की स्थिति यह है कि रात के समय लोगों के घरों पर सीधी गोलियां चलाई जाती हैं। उनके पास इस बात के वीडियो सबूत और एफआईआर मौजूद हैं। इसके बावजूद पुलिस मामले को दबाने के लिए 'हवाई फायरिंग' का मामूली पर्चा दर्ज करती है। इससे अपराधियों का हौसला बढ़ रहा है।
बलकौर सिंह ने चेतावनी दी कि यदि समाज और राजनीतिक दलों ने आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोगों को पनाह देना बंद नहीं किया, तो आने वाले समय में पंजाब का भविष्य और भी अंधकारमय हो जाएगा।
कानून व्यवस्था की उड़ाई जा रही धज्जियां
बलकौर सिंह ने कहा कि पंजाब के हालात इस कद्र बिगड़ चुके है कि जेल के अंदर से अब गैंगस्टरों के टीवी इंटरव्यू हो रहे हैं। ऐसे में मानवधिकार तथा कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ाई जा रही है। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट के कड़े रुख के बाद जिस डीएसपी को निलंबित किया गया था, उसे जांच का बहाना बनाकर दोबारा ड्यूटी पर बहाल कर दिया गया।
बेटे के हत्याकांड की जांच पर बोलते हुए छलका दर्द
अपने बेटे सिद्धू मूसेवाला के हत्याकांड की जांच और उसमें हो रही देरी पर बोलते हुए बलकौर सिंह का दर्द छलक पड़ा। उन्होंने कहा कि मेरा बेटा विदेशी धरती से डॉलर कमाकर देश के खजाने में करोड़ों रुपये का टैक्स जमा करवाता था।
ऐसे बेकसूर बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी गई और आज तक हमें इंसाफ के लिए भटकना पड़ रहा है। बलकौर सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार ने पूरी कहानी गैंगस्टरों के सिर मढ़ दी है, जबकि गैंगस्टर अदालत में अपने महंगे वकील खड़े करके साफ मुकर रहे हैं कि उनका इस कत्ल में कोई हाथ नहीं है।
पंजाब पुलिस को मामले की निष्पक्ष जांच करने की नहीं दी जा रही आजादी
बलकौर सिंह ने कहा कि उसके बेटे के हत्याकांड की जांच मामले को निष्पक्ष करने की आजादी नहीं दी जा रही। सिर्फ अदालत के हस्तक्षेप से ही ये जांच आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि वे लगातार माननीय अदालत का दरवाजा खटखटा रहे हैं और कोर्ट के सख्त आदेशों के बाद ही जांच में कोई प्रगति देखने को मिल रही है।
