पूर्व मंत्री के बाग के चौकीदार का बेरहमी से कत्ल
निकटवर्ती गांव कोटली स्थित कांग्रेस के पूर्व मंत्री रमन भल्ला के बाग में अज्ञात लोगों ने हथियारों से नौशहरा खुर्द की सरपंच मीना कुमारी के ससुर बरियाम चंद का बेरहमी से कत्ल कर दिया।
संवाद सहयोगी, पठानकोट : निकटवर्ती गांव कोटली स्थित कांग्रेस के पूर्व मंत्री रमन भल्ला के बाग में अज्ञात लोगों ने हथियारों से नौशहरा खुर्द की सरपंच मीना कुमारी के ससुर बरियाम चंद का बेरहमी से कत्ल कर दिया। मृतक (60) बुजुर्ग बरियाम चंद बाग में 10-12 वर्षो से चौकीदार का काम करता था और बाग में ही रहता था। घटना वीरवार देर रात की है और सुबह दूसरे चौकीदार के आने पर उसके कत्ल का पता चला। पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। घटना स्थल पर पुलिस को हमले में इस्तेमाल की गई कुछ ईटें भी बरामद हुई हैं, जिससे मृतक के सिर पर कई बार किए गए हैं। इसके अलावा मृतक के सिर पर किसी तेजधार हथियार से भी हमला किया गया था, जिसके चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के बेटे विजय कुमार का कहना है कि उनके पिता की किसी से कोई रंजिश नहीं थी, किसी सोची समझी साजिश के तहत पिता का बेरहमी से कत्ल किया गया है। स्थानीय पुलिस ने मृतक के बेटे विजय कुमार के बयान पर अज्ञात लोगों के खिलाफ 302 का मामला दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। उधर, थाना प्रभारी बलविदर का कहना है कि मृतक बुजुर्ग बरियाम चंद कोटली में पूर्व मंत्री के बाग में काफी समय से चौकीदार का काम करता था और वीरवार देर रात अज्ञात लोगों ने उसके सिर पर तेजधार हथियार व ईटों से हमला कर कत्ल कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।