किसानों को गुमराह कर रहे जाखड़ और मान : सांपला
पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला ने कहा है कि स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट आने के बाद डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने 10 वर्ष तक इसे लागू नहीं किया।
जागरण संवाददाता, पठानकोट : पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला ने कहा है कि स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट आने के बाद डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार 10 वर्ष तक सत्ता में रही, लेकिन इसे लागू नहीं किया। मोदी सरकार ने एमएसपी को लागत मूल्य से जोड़ कर स्वामीनाथन रिपोर्ट की महत्वपूर्ण सिफारिश को लागू किया है। केंद्रीय कृषि मंत्री ने हाल ही में हुई पंजाब की वर्चुअल रैली में यह घोषणा की है कि एमएसपी जारी रहेगी। इसके लिए किसी को इसकी चिता करने की जरूरत नहीं है। भारतीय जनता पार्टी एमएसपी के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। सांपला वीरवार को पठानकोट में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र के कृषि संबंधी लाए गए तीनों कानून किसानों हित में हैं। इससे किसानों को उनकी उपज का सही दाम मिलेगा। उनकी की आय बढ़ेगी। कांग्रेस व अन्य पार्टियों के नेता भ्रामक बयान दे रहे हैं। कांग्रेस ने खुद सबसे ज्यादा संघीय ढांचा को नुकसान पहुंचाया है, जिस कांग्रेस ने देश में आपातकाल लागू किया और धारा 356 का दुरुपयोग कर राज्य सरकारों को बर्खास्त किया। उसे अब संघीय ढांचे की बात करना शोभा नहीं देता। मोदी सरकार ने राज्य सरकारों की करों में हिस्सेदारी बड़ा कर 40 फीसद कर दी है। उन्होंने कहा कि पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़ व आम आदमी पार्टी के नेता भगवंत मान इन कानूनों को लेकर किसानों को गुमराह कर रहे हैं। केंद्र ने इन कानूनों के द्वारा किसानों को आजादी प्रदान की है तथा अब वे अपनी फसल इच्छानुसार बेचने का अधिकार रखता है। इन तीनों कानूनों के ज्यादातर प्रावधानों को कैप्टन सरकार 2017 में अपने मंडी एक्ट में संशोधन करके पहले से ही पंजाब में लागू कर चुकी है। इस अवसर पर विधायक दिनेश सिंह बब्बू, पूर्व मंत्री मास्टर मोहनलाल, जिलाध्यक्ष विजय शर्मा, महामंत्री विनोद धीमान, पूर्व विधायक सीमा रानी, अनिल वासुदेवा, प्रेस सचिव प्रदीप रैना, अरुण महाजन, युद्धवीर पठानिया, रजिदर सिंह, विदा सैनी, पंकज जोशी, शाम लाल किसान मोर्चा उपस्थित थे।