विधायक जोगिदर पाल की रिपोर्ट पर बवाल, सिविल में पाजिटिव -प्राइवेट लैब में आए निगेटिव
भोआ के विधायक जोगिदर पाल की कोरोना रिपोर्ट पर बवाल हो गया है।
जागरण संवाददाता, पठानकोट : भोआ के विधायक जोगिदर पाल की कोरोना रिपोर्ट पर बवाल हो गया है। सरकारी टेस्ट में पाजिटिव पाए गए विधायक अब प्राइवेट लैब में निगेटिव निकले हैं। इसके बाद जोगिदर पाल ने सेहत महकमे की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए सरकार से कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने इसकी शिकायत सेहतमंत्री से करने का फैसला लिया है। करीब एक सप्ताह पहले विधायक का कोरोना सैंपल लिया गया था। विधानसभा सत्र में भाग लेने के लिए सरकारी आदेशों पर यह प्रक्रिया हुई थी। इसमें विधायक पाजिटिव पाए गए थे। इसके बाद विधायक ने दो दिन पहले प्राइवेट लैब में अपना सैंपल दिया था। ..........
मैं हार्ट- शुगर का मरीज, कुछ हो जाता तो कौन होता जिम्मेदार : जोगिदर
विधायक ने कहा है कि वह हार्ट और शुगर जैसे रोगों से जूझ रहे हैं। कोरोना महामारी में जनसेवा करने के साथ ही अपना ख्याल पूरा रख रहे हैं। लेकिन सेहत विभाग की लापरवाही से सकते में हैं। स्वस्थ होने के बावजूद उन्हें पाजिटिव कर दिया। इसके बाद उन्हें व परिजनों को सेहत को लेकर काफी चिता हुई और इसे गंभीरता से लिया। इसके बाद उन्होंने प्राइवेट लैब में जांच करवाई। उन्हें संशय है कि लंबे समय से महकमे में ऐसा हो रहा है। यदि उनके स्थान पर ऐसा होता तो उस पर क्या बीतती।
.............
हो सकता है अब लक्षण कम हो गए हों : सिविल सर्जन
सिविल सर्जन डाक्टर जुगल किशोर ने कहा कि सरकारी आदेश पर तीनों विधायकों के सैंपल जांच किए गए थे। इनमें विधायक की रिपोर्ट पाजिटिव आई थी। अब उनकी रिपोर्ट निगेटिव आने की वजह यह हो सकती है कि उनके अब लक्षण कम हो और उनके स्वास्थ्य में सुधार आया है।