राइजिग स्टार कोर ने मनाया आजादी का अमृत महोत्सव
जीओसी राइजिंग स्टार कोर ने कहा कि देश की आजादी को 75 वर्षों तक सलामत रखने का सबसे ज्यादा श्रेय सीमाओं की रक्षा करने वाले वीर जवानों और राष्ट्र की बलिवेदी पर अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर बलिदानियों को जाता है जिनके ऋण को हम कभी भी नहीं चुका सकते हैं।
जागरण संवाददाता, पठानकोट: राइजिग स्टार कोर द्वारा आजादी के 75 वर्ष पूरे होने पर स्थानीय कमान सिंह आडिटोरियम में आजादी का अमृत महोत्सव एक सम्मान समारोह के रूप में मनाया गया। स्वतंत्रता के 75 गौरवशाली वर्ष पूरे होने पर यह कार्यक्रम उन वीर नारियों, शहीद परिवारों, वीरता पुरस्कार विजेताओं, पूर्व सैनिकों व सेवारत सैनिकों से सुसज्जित था, जिन्होंने राष्ट्र की सेवा तथा सुरक्षा में अपना सर्वस्व न्यौछावर कर स्वर्णिम भारत की नींव रखने वालों को समर्पित था। सर्वप्रथम आर्मी पब्लिक स्कूल पठानकोट व कंदरोरी के छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर कार्यक्रम का आगाज किया। जीओसी राइजिंग स्टार कोर ने कहा कि देश की आजादी को 75 वर्षों तक सलामत रखने का सबसे ज्यादा श्रेय सीमाओं की रक्षा करने वाले वीर जवानों और राष्ट्र की बलिवेदी पर अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर बलिदानियों को जाता है, जिनके ऋण को हम कभी भी नहीं चुका सकते हैं।
इस अवसर पर एक परमवीर चक्र, तीन महावीर चक्र, तीन अशोक चक्र, पांच कीर्ति चक्र, 13 वीर चक्र, 13 शौर्य चक्र और 55 सेना मेडल समेत 93 वीरता पदक विजेताओं जिनमें मरणोपरांत वीरता पदक प्राप्त करने वाले अमर बलिदानियों के परिजन भी शामिल थे को मेडल, जैकेट, कैप व पांच पूर्व सैनिकों की पत्नियों को बुनाई मशीन भेंट की गई। उन्होंने कहा कि तीर्थ स्थान तुल्य है वो भूमि जहां बलिदानी परिवारों के चरण पड़ते हैं।