कोरोना पर विजय पाने के लिए कम तीन लॉकडाउन की जरूरत : डॉ. केडी
अनलॉक-वन को कतई यह नहीं समझना चाहिए कि कोरेाना संकट खत्म हो गया है। दुख की बात यह है कि अब भी कुछ लोग नियमों की अनदेखी कर रहे हैं जो आने वाले दिनों के लिए बढि़या संकेत नहीं है।
जागरण संवाददाता, पठानकोट : अनलॉक-वन को कतई यह नहीं समझना चाहिए कि कोरेाना संकट खत्म हो गया है। दुख की बात यह है कि अब भी कुछ लोग नियमों की अनदेखी कर रहे हैं, जो आने वाले दिनों के लिए बढि़या संकेत नहीं है। यही हाल रहा तो आने वाले दिनों में पंजाब के अंदर मुंबई और दिल्ली जैसे हालात बनने में समय नहीं लगेगा। इन सभी बातों को ध्यान में रखते हुए कोरोना पर यदि विजय प्राप्त करनी है तो इसके लिए कम से कम तीन लॉकडाउन की जरूरत है। यह बात आंखों के विशेषज्ञ डॉक्टर केडी सिंह ने कही। उन्होंने कहा कि कोरोना को हलके में नहीं लेना चाहिए। सरकार ने अनलाक-वन कर राहत तो प्रदान कर दी, लेकिन इस पर कोई ठोस रणनीति नहीं बनाई। दुकानें, फैक्ट्रियां, अस्पताल, ट्रांसपोर्ट, होटल-रेस्टोरेंट आदि कारोबार खोल तो दिया, परंतु उसे सैनिटाइज कैसे करके रखना है इसके बारे में न ही प्रशिक्षण दिया गया और न ही लोगों को जागरूक नहीं किया गया। राजनीतिक पार्टियों को भी इसमें भागीदारी निभानी होगी, लोगों को जागरूक करना होगा। रोज संक्रमित मामलों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है जो अच्छे संकेत नहीं है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए पंजाब सरकार को कम से कम तीन लॉकडाउन के फैसले पर विचार करना चाहिए। इसमें पहला 21 दिन, दूसरा 14 दिन व तीसरा सात दिन का होना चाहिए। प्रत्येक लॉकडाउन करने से पहले जनता को सूचित किया जाए। एक से दूसरा लॉकडाउन लगाने से पहले एक सप्ताह तक मार्केट को खोल कर स्थिति को देखना चाहिए। अगर स्थिति नियंत्रण में हो तो इसे कम भी किया जा सकता है। लाकडाउन के दौरान अधिक कीमतों पर समान बेचने व सर्विसेज का ज्यादा चार्ज वसूले जाने पर दुख प्रकट करते हुए डॉक्टर केडी सिंह ने केंद्र व राज्य सरकार से ऐसे लोगों के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज करने की मांग की।