बस सेवा बंद होने के चलते लोगों ने किया रोष प्रदर्शन
पठानकोट से बकलोह के लिए बस शाम को 4 बजे पठानकोट से चलती है। वह बस कई दिनों से बंद है। वहीं पठानकोट से डलहौजी के लिए बस 1030 बजे पठानकोट से चलती है। जबकि पठानकोट से चंबा को दोपहर बाद 1 बजकर 40 मिनट पर पठानकोट से चलती है। यह भी बंद है।
संवाद सहयोगी, दुनेरा: धार कलां तहसील के गांवों से जिला मुख्यालय पठानकोट तक जाने के लिए लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। तहसील के ब्लाक-1 में पड़ते विभिन्न गांवों के लोग दुनेरा से पठानकोट के लिए बस में सफर करते हैं। मगर बीते कुछ दिनों से पंजाब रोडवेज पठानकोट डिपो की ओर से कुछ बसों को अचानक बंद कर देने के कारण लोगों की समस्याओं में बढ़ोतरी हो गई है।
वीरवार को लोगों ने दुनेरा में राज्य सरकार, यातायात विभाग व पंजाब रोडवेज पठानकोट डिपो के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया गया। इस दौरान जिला शिकायत निवारण कमेटी पठानकोट के सदस्य विशाल मेहरा, अश्विनी शर्मा, वेंद्र शर्मा, महेंद्र सिंह, लविश महाजन, अवनीत, भूषण, शुभम शर्मा ने बताया कि पठानकोट से बकलोह के लिए बस शाम को 4 बजे पठानकोट से चलती है। वह बस कई दिनों से बंद है। वहीं पठानकोट से डलहौजी के लिए बस 10:30 बजे पठानकोट से चलती है। जबकि पठानकोट से चंबा को दोपहर बाद 1 बजकर 40 मिनट पर पठानकोट से चलती है। यह भी बंद है। इसकारण क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि लोगों के साथ-साथ इस क्षेत्र से पठानकोट पढ़ने वाले छात्रों को सरकारी बस सुविधा ना मिल पाने के कारण प्राइवेट बसों में पैसे खर्च कर कर सफर करना पड़ रहा है। इससे उन्हें आर्थिक हानि भी उठानी पड़ रही है। उक्त लोगों ने कहा कि इन बसों को शीघ्र नहीं चलाया गया तो वे क्षेत्र के लोगों के साथ पठानकोट चंबा हाईवे का चक्का जाम करने को मजबूर होंगे।