पठानकोट में युवक लुटेरों से भिड़ा, दातर दिखाकर आईफोन लूटा; दोबारा लौटे तो ईंट मार स्कूटी समेत गिराई
पठानकोट में दो बदमाशों ने युवक को दातर दिखाकर उसका आईफोन और पांच हजार रुपए लूट लिए। बाद में युवक ...और पढ़ें

घटना की जानकारी देते हुए युवक।
HighLights
पठानकोट में युवक पर स्कूटी सवार बदमाशों का हमला।
दातार दिखाकर आईफोन और पांच हजार रुपये लूटे।
युवक ने बहादुरी से सामना किया, ईंट मारकर गिराया।
जागरण संवाददाता, पठानकोट। पठानकोट में देर रात एक युवक के साथ लूटपाट और जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। हालांकि इस दौरान युवक ने भी जबरदस्त हिम्मत दिखाई और बदमाशों का डटकर सामना किया। घटना में दो स्कूटी सवार बदमाश युवक से आईफोन और पांच हजार रुपए की नकदी लूटकर फरार हो गए। पूरी वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
शाहपुरकंडी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार गांव घो-मंगनी निवासी लोकेश कुमार उर्फ लक्की मलिकपुर डाउन टाउन स्थित एक सैलून में काम करता है। बीती रात वह जुगियाल रोड से अपने घर लौट रहा था। रात करीब साढ़े दस बजे के आसपास जब वह मोटरसाइकिल पर गांव की तरफ जा रहा था, तभी स्कूटी पर सवार दो युवक उसके पास आ गए।
यह भी पढ़ें- पंजाब में फिर बजेगा चुनावी बिगुल, 10 जून को चार नगर काउंसिलों में मतदान; आचार संहिता लागू
पहले पीड़ित को घटना लगी मजाक
लक्की ने बताया कि शुरुआत में उसे लगा कि शायद उसके गांव के कुछ दोस्त मजाक कर रहे हैं। लेकिन कुछ ही सेकेंड में मामला गंभीर हो गया। आरोप है कि बदमाशों ने उसकी चलती मोटरसाइकिल की चाबी बंद कर दी, जिससे बाइक अचानक असंतुलित होकर रुक गई।
इसके बाद एक बदमाश ने उसकी बाहें पकड़ लीं, जबकि दूसरे ने दातर निकालकर उस पर हमला करने की कोशिश की। लक्की ने खुद को छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान दातार का वार उसके कंधे पर लगा। दोनों पक्षों के बीच हाथापाई और खींचतान शुरू हो गई। इसी दौरान उसका मोबाइल फोन और अन्य सामान नीचे गिर गया।
यह भी पढ़ें- कपूरथला में अचानक हवा में रुक गया मेले का झूला, 25 लोगों की अटकी सांसें; ऊपर फंसे लोग चीखते रहे
मोटरसाइकिल ले जाने का भी किया प्रयास
लक्की किसी तरह बदमाशों के चंगुल से निकलकर पास में स्थित अपनी मौसी के घर में घुस गया। उसने बताया कि किस्मत से घर का गेट खुला हुआ था, जिससे उसकी जान बच गई। बदमाशों ने उसकी मोटरसाइकिल ले जाने की कोशिश भी की, लेकिन चाबी न मिलने के कारण वे भाग निकले।
कुछ देर बाद जब लक्की अपना गिरा सामान देखने बाहर आया तो बदमाश दोबारा उसी रास्ते से लौट आए। इस बार वे फिर हमला करने की कोशिश करने लगे।
ईंट उठा बदमाशों पर फेंकी
मौके पर कोई मददगार न होने के कारण लक्की ने जमीन पर पड़ी ईंट उठाकर बदमाशों पर फेंकी। एक ईंट सीधे जाकर लगी, जिससे दोनों बदमाश स्कूटी समेत नीचे गिर गए। हालांकि बदमाशों के हाथ में दातर होने के कारण लक्की अपना मोबाइल और नकदी वापस नहीं ले पाया। इसके बाद आरोपित मौके से फरार हो गए।
पीड़ित युवक ने पुलिस से मांग की है कि आरोपितों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। उसने कहा कि यदि बदमाश सामने आए तो वह उन्हें पहचान सकता है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के क्षेत्रों में लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपितों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।
