पठानकोट पुलिस की बड़ी कामयाबी, गोवंश से भरा ट्रक पकड़ा; नदी में कूदकर भागे तस्कर
सुजानपुर पुलिस ने गश्त के दौरान गो-तस्करी की बड़ी कोशिश नाकाम करते हुए एक ट्रक से 15 गोवंश (10 गायें, ...और पढ़ें
-1790438341474_m.webp)
पठानकोट में पुलिस ने गोवंश से भरा ट्रक पकड़ा। फोटो जागरण
HighLights
सुजानपुर पुलिस ने 15 गोवंश को तस्करी से बचाया।
ट्रक से 10 गायें और 5 बैल बरामद किए गए।
आरोपी जसीर अहमद और साथी पुलिस को चकमा देकर फरार।
संवाद सहयोगी, सुजानपुर। थाना सुजानपुर की पुलिस टीम ने गश्त और चेकिंग के दौरान गो-तस्करी की एक बड़ी कोशिश को नाकाम कर दिया है। पुलिस ने एक ट्रक से क्रूरतापूर्वक बांधकर रखे गए 15 गोवंश 10 गायें और 5 बैल बरामद किए हैं, हालांकि आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब रहे।
गुप्त सूचना पर की गई नाकाबंदी
एएसआई नरेश कुमार पुलिस टीम के साथ इलाके में गश्त पर थे, तभी मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि जसीर अहमद निवासी परनोटी, रामबन, जिला डोडा, जम्मू-कश्मीर पठानकोट और गुरदासपुर के क्षेत्रों से गोवंश इकट्ठा कर गोकशी के इरादे से जम्मू-कश्मीर ले जाता है।
सूचना के मुताबिक, आरोपी सफेद रंग के ट्रक नंबर JK 19 A 6571 में गोवंश भरकर हाईवे के नाकों से बचते हुए लिंक रोड के रास्ते आ रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बहेड़ी बुजुर्ग टी-पॉइंट पर तुरंत विशेष नाकाबंदी की।
नाका तोड़कर भागे तस्कर, पीछा करने पर दरिया में कूदे
कुछ ही देर बाद जब बताए गए ट्रक को पुलिस ने रुकने का इशारा किया, तो चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय भगा ली। पुलिस पार्टी ने सरकारी गाड़ी से ट्रक का पीछा किया। आगे जाकर एक बंद पड़े पेट्रोल पंप के सामने चालक ने ट्रक रोका और अपने साथी के साथ उतरकर दरिया की तरफ भाग निकला। दूरी अधिक होने के कारण दोनों आरोपी अंधेरे व इलाके का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पुलिस ने जब ट्रक की तिरपाल हटाकर जांच की, तो अंदर बेहद अमानवीय और क्रूर तरीके से रस्सियों से जकड़े हुए 10 गायें और 5 बैल मिले, जिन्हें सांस लेने में भी भारी तकलीफ हो रही थी। पुलिस ने तुरंत रस्सियां काटकर सभी गोवंश को सुरक्षित बाहर निकाला।
ट्रक, मोबाइल और सभी मवेशी कब्जे में
ट्रक के केबिन की तलाशी लेने पर आरोपी जसीर अहमद का आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और एक ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस ने ट्रक, मोबाइल और सभी मवेशियों को कब्जे में ले लिया है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ 'द पंजाब प्रोहिबिशन ऑफ काउ स्लॉटर एक्ट 1955' की धारा 8 और 'द प्रिवेंशन ऑफ क्रुएल्टी टू एनिमल्स एक्ट 1960' की धारा 3 व 11 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।
