पाकिस्तान ने बमियाल क्षेत्र में की फायरिंग, मोर्टार दागे
पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर के बाद अब पंजाब के सीमावर्ती क्षेत्रों में गोलाबारी शुरू कर दी है। पाकिस्तीनी रेंजरों ने बमियाल क्षेत्र के गांव धलौतर पर फायरिंग की और मोर्टार दागे।
जेएनएन, बमियाल (पठानकोट)। सर्जिकल स्ट्राइक से बौखलाया पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। जम्मू-कश्मीर में सीमा पर सीज फायर का उल्लंघन करने के बाद मुंहतोड़ जवाब मिलने के बाद अब पाकिस्तानी रेंजरों ने पंजाब के बमियाल क्षेत्र में गोलाबारी की है। पाकिस्तानी जवानों ने बमियाल सीमा क्षेत्र के गांव धलौतर पर मोर्टार दागे। इससे आबादी क्षेत्रों में काफी नुकसान हुआ है।
बमियाल सीमा क्षेत्र के गांव धलौतर में रात मेंं अचानक सीमा पार से गोलाबारी हाेने से लाेगों में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकोें व रेंजरों ने रात में भीषण गोलबारी की। उन्होंने मोर्टार भी दागे। इससे मकानों को नुकसान पहुंचा।
पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा फायरिंग के बाद गोलियां अौर फायर किए गए मोर्टार दिखाते ग्रामीण।
पढ़ें : एक बेटी के पिता की व्यथा जानकर रो पड़ेंगे आप
निशान सिंह और प्रवीण सिंह कई ग्रामीणों ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकाें ने जम्मू-कश्मीर के गांव पहाड़पुर को निशाना बनाकर भीषण गोलीबारी की। इसकी चपेट में बमियाल सेक्टर का गांव धलौतर भी आ गया। ग्रामीणों ने बताया कि वीरवार रात पाकिस्तान की ओर से जब हल्की फायरिंग हुई तो लोगों ने अपने घरों की बिजली बंद करके अंधेरा कर दिया। रात भर गोलियों व गोलों की आवाज के कारण वह सो नहीं पाए। गांव के लोग दहशत में हैं लेकिन जिला प्रशासन का कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।