गुरुपूजा पर धार्मिक कार्यक्रम करवाया
गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर धार्मिक कार्यक्रम करवाया गया।
जागरण टीम, मामून/ खानपुर : गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर शहर के प्रतिष्ठित श्री बावा लाल दयाल मंदिर गोसाईपुर धाम में ध्यानपुर पीठाधीश्वर द्वाराचार्य महंत श्री रामसुंदर दास महाराज जी के आशीर्वाद से गुरुपूजा के निमित्त धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें पठानकोट के साथ ग्रामीण क्षेत्रों से आए हुए भक्तजनों ने गुरुचरणों में नतमस्तक होकर हाजिरी लगाई। सर्वप्रथम सतगुरु श्री बावा लाल दयाल जी की प्रतिमा का मंगल स्नान कराया गया। उसके बाद नूतन वस्त्र धारण किए और आरती अरदास करके भोग लगाया गया। मंदिर के पुजारी धर्माचार्य पं. रमेश शास्त्री ने गुरुपूजा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सतगुरु मनुष्य के जीवन में अंधकार को मिटाकर ज्ञान का दीप जलाते है। आषाढ़ महीने की पूर्णमासी के दिन महाभारत एवं शास्त्र पुराणों के रचयिता श्री वेदव्यास जी का जन्म हुआ था और इसी दिन श्री वेदव्यास जी ने एक वेद को चार भागों में विभाजित किया था। इसलिए इस दिन को व्यास पूर्णिमा के नाम से भी जाना जाता है। इस पावन दिवस पर भक्तजन अपने गुरु के प्रति निष्ठा रखते हुए भक्तिभाव से उनका पूजन करते हैं और सुख शांति की कामना करते हैं। मंदिर में प्रांत काल पूजन आरंभ करके प्रिस मैनी एवं कमलेश मैनी की ओर से बावा लाल जी की प्रतिमा को पुष्प हार अर्पण कर श्रृंगार किया गया। कार्यक्रम में सोशल डिस्टेंशिग का विशेष ध्यान रखा गया। इस मौके प्रवेश धवन, दर्शना, शांति, रोहित, मोना, मनोज, कपिल आदि उपस्थित थे।