सीएए के समर्थन में सड़क पर उतरे संगठन, विरोधियों पर साधा निशाना
देश जगाओ मंच के तले पठानकोट में विभिन्न संगठनों ने सीएए का समर्थन किया।
जागरण संवाददाता, पठानकोट : देश जगाओ मंच के तले पठानकोट में विभिन्न संगठनों ने सीएए का समर्थन किया। बाइक रैली निकालकर संगठनों के प्रतिनिधियों ने शहर का चक्कर लगाकर केंद्र सरकार के फैसले का समर्थन किया। रैली में सीएए के फैसले की सराहना की गई तो वहीं एक्ट के विरोधियों पर भी निशाना साधा गया। देश जगाओ मंच के कार्यक्रम में आरएसएस, भाजपा, विश्व हिदू परिषद, भारतीय मजदूर संघ, भारत विकास परिषद सहित अन्य संगठनों ने भाग लिया। जिले भर से संगठनों के पदाधिकारी व वर्कर ट्रक यूनियन ग्राउंड सैली रोड में पहुंचे। रैली में बाइक पर सवार होकर वर्करों ने सीएए के समर्थन में शहर का चक्कर लगाया। कार्यक्रम में एबीवीपी, विहिप एवं अन्य संगठनों के पदाधिकारी ही मंच पर बैठे। रैली अश्विनी शर्मा के नेतृत्व में निकाली गई। रैली में प्रियंका बाबा ने सांप्रदायिक ताकतों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देशविरोधी ताकतें देश को खोखला कर रही हैं। भारत स्वतंत्र होने के बाद भी कांग्रेस, वामदल, बसपा जैसे कई दलों के नेता आजादी के नारे बुलंद करने लगती हैं। इस अवसर पर नगर निगम मेयर अनिल वासुदेवा, उपाध्यक्ष नरिद्र परमार, पूर्व विधायक सीमा कुमारी, अनिल रामपाल, सतीश महाजन, विपिन महाजन, शमशेर सिंह, रमेश मेशी, भामसं के ठाकुर रणजीत सिंह, ओपी वर्मा, दिनेश गौतम आदि मौजूद रहे।
रैली में बुलेट पर बैठे प्रदेशाध्यक्ष
रैली में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अश्विनी शर्मा भी विशेष तौर पर पहुंचे। पहले तो वह एक वर्कर के पीछे बाइक पर बैठकर रैली के लिए रवाना होने लगे। लेकिन जैसे ही थोड़ा आगे बढ़े तो वह रूके और खुद बुलेट की कमान संभाली। इसी बीच उनके राजनीतिक गुरु पूर्व मंत्री मास्टर मोहनलाल भी बुलेट के पीछे झंडा थामे बैठ गए।
प्रदेश सरकार का प्रस्ताव निंदनीय: अश्विनी शर्मा
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने पत्रकारों से कहा कि प्रदेश कांग्रेस सरकार का सीएए विरोध में प्रस्ताव पास करना निदनीय है। यह राज्य के इतिहास में काला दिन अंकित हो गया है। प्रधानमंत्री की सरकार ने देश के हित में सीएए को लागू किया। कांग्रेस अपनी राजनीति के लिए भी इसे इस्तेमाल कर रही है। कानून से किसी की नागरिकता छीनी नहीं बल्कि पुख्ता की जाएगी। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिद्र सिंह की सरकार ने साबित किया है कि उन्हें देशहित से कोई वास्ता नहीं है।