सांसद सनी ने सिविल अस्पताल की 27 लाख की ग्रांट मंजूर की
सांसद सनी देओल पठानकोट में कुछ समय के लिए आए।
जागरण संवाददाता, पठानकोट : सांसद सनी देओल पठानकोट में कुछ समय के लिए आए। वीरवार शाम को मुकेरियां में रोड शो के बाद वह पठानकोट में आए। यहां पर सांसद ने आधुनिक विहार कॉलोनी में अपने आवास पर थोड़े समय के लिए रूके। इस दौरान सनी ने भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। पार्षद योगेश ठाकुर, रमेश शर्मा सहित अन्य के साथ चर्चा की। इसमें संगठन एवं विकास कार्यों को लेकर बातचीत कर जानकारी हासिल की। इस दौरान उन्होंने सिविल अस्पताल पठानकोट के लिए 27 लाख रुपये की ग्रांट मंजूर की है। इस राशि से एंबुलेंस सहित अन्य उपकरणों की खरीद होगी, जिससे आम जनता को सहूलियतें मिलेंगी। इसके बाद वह सायं को फ्लाइट से मुंबई लौट गए। भाजपा नेताओं ने कहा कि सांसद इस समय हरियाणा, महाराष्ट्र सहित अन्य स्थानों पर हो रहे चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं। यहां पर चुनाव प्रचार करने के बाद सांसद नवंबर माह में गुरदासपुर हल्के में आएंगे। यहां पर करीब दस दिनों के लिए रूकेंगे और वर्करों सहित आमलोगों से मिलकर विकास कार्यों का जायजा लेंगे।