ड्यूटी से वापस लौट रही महिला से की छेड़छाड़
एक महिला में ड्यूटी के बाद वापस घर लौट रही महिला से एक 65 वर्षीय बुजुर्ग ने छेड़छाड़ की जिसके बाद आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
संवाद सहयोगी, पठानकोट : पठानकोट-गुरदासपुर रोड पर स्थित एक महिला में ड्यूटी के बाद वापस घर लौट रही महिला से एक 65 वर्षीय बुजुर्ग ने छेड़छाड़ की जिसके बाद आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोपित की पहचान प्रवीण कुमार निवासी पठानकोट के रूप में हुई है। मामला वीरवार रात उस समय घटित हुआ जब एक सरकारी कार्यालय में नौकरी करने वाली 33 वर्षीय महिला अपने काम से वापस लौट रही थी। बस स्टैंड से ऑटो लेने के बाद जब वह वापस घर जा रही थी तो अचानक ही आरोपित प्रवीण कुमार ने उसे रोक लिया तथा छेड़छाड़ की। इसके बाद महिला थाना डिवीजन नम्बर-1 पहुंची तथा एस इंस्पेक्टर हरप्रीत कौर को मामले की शिकायत दर्ज करवाई।
महिला का आरोप है कि उसका पति किसी अन्य राज्य में नौकरी करता है तथा वह अपने बच्चों के साथ पठानकोट में रहती है। एक दशक पहले जब उसकी शादी हुई थी तो तभी से उक्त आरोपित उसका पीछा करता है जिसकी शिकायत उसकी ओर से साल 2017 में पुलिस को दी गई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया था जिसकी सुनवाई फिलहाल कोर्ट में चल रही थी। मामले की तफ्तीश कर रहे एएसआइ बलवीर सिंह ने कहा कि आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की ओर से उक्त आरोपित के घर रेड की गई है परंतु अभी तक वह फरार है।