विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पठानकोट में भीषण सड़क हादसा, ट्रक ने बाइक सवार को कुचला; एंबुलेंस की देरी से गई जान

Published: Sat, 26 Sep 2026 07:21 PM (IST)

पठानकोट में शनिवार सुबह एक ट्रक और मोटरसाइकिल की भिड़ंत में गुरदासपुर निवासी मोहम्मद इकबाल की मौत हो गई।

घटना पर पहुंची पुलिस। फोटो जागरण

घटना पर पहुंची पुलिस। फोटो जागरण

HighLights

  1. पठानकोट में ट्रक-मोटरसाइकिल भिड़ंत में एक व्यक्ति की मौत।

  2. आधे घंटे तक एंबुलेंस न पहुंचने से घायल ने दम तोड़ा।

  3. पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया।

संवाद सहयोगी, बमियाल (पठानकोट)। शनिवार सुबह गांव पम्मा के नजदीक ट्रक और मोटरसाइकिल की भिड़ंत में मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति की मौत हो गई। घटना शनिवार सुबह करीब नौ बजे नरोट जैमल सिंह-दीनानगर मार्ग पर स्थित गांव पम्मा और पोला के बीच घटित हुई। मृतक की पहचान मोहम्मद इकबाल निवासी गांव चौपड़, जिला गुरदासपुर के रूप में हुई है।

दुर्घटना के बाद वहां भारी संख्या में ग्रामीण एवं मृतक के रिश्तेदार इकट्ठे हो गए और वहां धरना लगाने का प्रयास भी किया गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि दुर्घटना के तुरंत बाद एंबुलेंस को फोन किया गया था, लेकिन आधा घंटा तक एंबुलेंस नहीं पहुंचने के चलते दुर्घटना में घायल सड़क पर तड़पता रहा और उसकी मौत हो गई।

उधर, मामले की जानकारी मिलते ही थाना नरोट जैमल सिंह की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई और कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। ट्रक को कब्जे में लेकर ड्राइवर को मौके पर ही काबू कर लिया। पुलिस ने मृतक के अभिभावकों को कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और अगली प्रक्रिया शुरू कर दी गई।

पुलिस ने मृतक के भाई के बयान के आधार पर चालक पर मामला दर्ज करके उसे काबू कर लिया है। मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव अभिभावकों को सौंप दिया गया है। पुलिस को दिए अपने बयान में मृतक के भाई मोहम्मद हुसैन ने बताया कि वह जिला कठुआ के भागथली का रहने वाला है और उसका भाई परिवार सहित वर्तमान में जिला गुरदासपुर के गांव चौपड़ में रहता है।

बीते कल मैं अपने भाई से मिलने गुरदासपुर गया था। शनिवार सुबह उसका भाई गांव भागथली लौट रहा था। उसका भाई अपने मोटरसाइकिल पर आगे चल रहा था, जबकि वह अपने मोटरसाइकिल पर उसके पीछे आ रहा था।

गांव पम्मा के नजदीक सामने से आ रहे ट्रक चालक की ओर से उसके भाई के मोटरसाइकिल से टक्कर मार दी गई, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा। उसके सिर पर गहरी चोट होने के कारण वह बेहोश हो गया। स्थानीय लोगों की ओर से दुर्घटना के तुरंत बाद इंसानियत का फर्ज निभाते हुए हर संभव सहायता भी की गई, परंतु उसके भाई की मौत हो गई।

उधर, इस मामले को लेकर जांच कर रहे एएसआइ नरेश कुमार ने बताया कि पुलिस की ओर से मृतक के भाई के बयान के आधार पर ट्रक चालक पर मामला दर्ज करके उसे काबू कर लिया गया है एवं आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।