गुरदासपुर उपचुनाव: भाजपा ने प्रत्याशी चयन के लिए किया मंथन शुरू
भाजपा ने गुरदासपुर संसदीय क्षेत्र के उपचुनाव के लिए प्रत्याशी चयन का मंथन शुरू कर दिया है। पार्टी के पंजाब प्रभारी ने कहा कि चुनाव घोषणा होते ही प्रत्याशी घोषित कर दिया जाएगा।
जेएनएन, पठानकोट। गुरदासपुर संसदीय सीट के उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी की मंथन बैठक शुरू हो गई है। बैठक के दौरान पंजाब भाजपा प्रभारी प्रभात झा ने कहा कि इस सीट के लिए प्रत्याशी की घोषणा चुनाव की घोषणा होने के तत्काल बाद की जाएगी। पहले उम्मीद जताई जा रही थी कि आज ही प्रत्याशी की घोषणा की जाएगी। बता दें, यह सीट भाजपा सांसद विनोद खन्ना के निधन के कारण खाली हुई। इस सीट के लिए उद्योगपति एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता स्वर्ण सलारिया एवं दिवंगत विनोद खन्ना की पत्नी कविता खन्ना प्रमुख दावेदार मानी जा रही हैं।
पंजाब भाजपा अध्यक्ष सांपला व पंजाब प्रभारी प्रभात झा की मौजूदगी में इस सीट के नौ विधानसभा हलकों के प्रभारियों व अन्य कार्यकर्ताओं की बैठक हो रही है। प्रभात झा और सांपला टिकट के मुद्दे पर कार्यकर्ताओं व अन्य नेताओं से फीडबैक ले रहे हैं। टिकट पर करीब 12 घंटे तक लंबा मंथन होगा। पंजाब संगठन महामंत्री दिनेश कुमार भी बैठक में मौजूद हैं।
सलारिया व कविता खन्ना का नाम टॉप पर
संसदीय हलके से उद्योगपति एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता स्वर्ण सलारिया एवं दिवंगत सांसद व फिल्म अभिनेता विनोद खन्ना की पत्नी कविता खन्ना प्रमुख दावेदार हैं। कविता खन्ना टिकट आवंटन से ठीक पहले जहां स्वच्छ भारत अभियान का दामन पकड़ कर संसदीय हलके में प्रवेश कर चुकी हैं। वहीं उद्योगपति स्वर्ण सलारिया ने भी संसदीय हलके के सभी विस क्षेत्रों में अपना संपर्क अभियान तेज कर दिया है।
सलारिया इस हलके से दो बार पहले भी प्रत्याशी थे, लेकिन पिछले चुनाव में ऐन मौके पर उनका नाम कट गया। लगातार दूसरी बार नाम कटने से खफा सलारिया ने गुस्सा जाहिर किया, तो हाईकमान ने उन्हें अगला चुनाव लड़ाने का आश्वासन भी दिया। सलारिया 2019 का चुनाव लडऩे की तैयारी कर रहे थे कि 2017 में सांसद विनोद खन्ना की लंबी बीमारी के बाद मौत हो गई। सांसद की मौत के बाद खाली हुई सीट पर अब उनकी पत्नी कविता खन्ना भी दावेदार हैं।
यह भी पढ़ें: चोटी कटने की घटनाओं से दहशत में लोग, अर्धनग्न महिला के दिखने का दावा