पठानकोट में 200 फीट ऊंचे टावर पर बैठकर 11 दिन से धरना दे रहे दो बुजुर्ग, क्या हैं मागें?
शाहपुरकंडी के पास सधोड़ी गांव में दो बुजुर्ग नेता 11 दिनों से 200 फीट ऊंचे टावर पर अपनी मांगों को लेकर डटे हुए हैं।

200 फीट ऊंचे टावर पर 11 दिन से डटे दो बुजुर्ग, प्रशासन के खिलाफ जताया रोष। एआई जेनरेटेड तस्वीर।
HighLights
दो बुजुर्ग नेता 11 दिन से 200 फीट ऊंचे टावर पर डटे।
भूमि अधिग्रहण के कम मुआवजे और नौकरी न मिलने से हैं नाराज।
सरकार से सकारात्मक समाधान मिलने तक नीचे न उतरने का संकल्प।
संवाद सूत्र, शाहपुरकंडी। मांगों को लेकर पिछले 25 अगस्त से शाहपुरकंडी के साथ लगते गांव सधोड़ी स्थित 200 फीट की ऊंचाई पर स्थित एक टावर पर चढ़े शाहपुरकंडी बैराज औसती संघर्ष कमेटी जेनी जुगियाल के दो बुजुर्ग नेता 88 वर्षीय शर्म सिंह एवं 83 वर्षीय कुलविंदर सिंह 11 दिन बीत जाने के बावजूद नीचे उतरने को राजी नहीं हो रहे।
उनका कहना है कि या तो सरकार उनकी मांगों का सकारात्मक समाधान करे, अन्यथा वह टावर से नहीं उतरेंगे। मगर सबसे हैरानी वाली बात यह है कि 11 दिन बीत जाने के बावजूद मात्र तहसीलदार के अलावा शासन एवं प्रशासन का कोई भी बड़ा अधिकारी इनकी बात तक सुनने के लिए घटनास्थल पर नहीं पहुंचा।
ज्ञात रहे कि ये दोनों बुजुर्ग नेता पिछले लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर कई बार टावर पर चढ़ चुके हैं। मगर इनकी मांगों का कोई भी समाधान नहीं हो पाया, जिसके चलते इन लोगों में भारी रोष पाया जा रहा है।
जब इस संबंध में संघर्ष कमेटी के अध्यक्ष सरदार दयाल सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि बुजुर्ग नीचे उतरने को बिल्कुल तैयार नहीं हैं। उन्होंने बताया कि लगातार वर्षा व गर्मी के कारण उनकी सेहत पर नकारात्मक असर पड़ रहा है, मगर उनका कहना है कि वह अपने बच्चों के भविष्य की लड़ाई लड़ रहे हैं तथा जब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं होता, वह टावर से नीचे नहीं उतरेंगे, चाहे उनकी जान चली जाए।
उन्होंने कहा कि उनकी जमीन तो प्रशासन ने ले ली तथा मुआवजे की एवज में उन्हें मात्र 2700 रुपये प्रति एकड़ मुआवजा दिया गया और नौकरी के बदले प्रशासन ने उन्हें ठेंगा दिखा दिया।
