भोआ में दो पुराने प्रधानों को सौंपी मंडल प्रधान की कमान
भाजपा जिला पठानकोट के सभी दस मंडल के प्रधान नियुक्त करने की प्रक्रिया पूरी हो गई है।
जागरण संवाददाता, पठानकोट : भाजपा जिला पठानकोट के सभी दस मंडल के प्रधान नियुक्त करने की प्रक्रिया पूरी हो गई है। शनिवार को दस में से सात मंडल प्रधान बनाए गए थे। भोआ विधानसभा हलके के तीन रहते मंडल प्रधानों का रविवार को सर्वसम्मति से चुन लिया गया। प्रदेश में पठानकोट जिला एक मात्र ऐसा जिला रहा है, जिसके सभी मंडलों के प्रधान सर्वसम्मति से चुने गए हैं।
जिला के दस में से आठ मंडलों में फिर से पुराने प्रधानों को ही कमान सौंपे जाने के पीछे पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि अगला वर्ष चुनावी वर्ष है। अगले साल के शुरुआत में ही पठानकोट नगर निगम और नगर कौंसिल सुजानपुर के चुनाव होने है। ऐसे में यदि नए प्रधान बनाए जाते तो उन्हें अपनी टीमों का गठन करने में मुश्किल होती, वहीं चुनाव जीतने में भी बाधा आ सकती थी। हाईकमान भी इस बात से भली भांति वाकिफ है और अगला लक्ष्य फिर से दोनों कमेटियों पर पार्टी का झंडा लहराना लक्ष्य है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए पार्टी ने पुराने प्रधानों पर ही भरोसा जताते हुए अगले तीन वर्षों तक काम करने की हरी झंडी दी है।
रविवार को शहर के कॉलेज रोड स्थित चंबा रेस्ट हाउस में जिला प्रधान विपिन महाजन के नेतृत्व में भोआ विधान सभा के अधीन आते तारागढ़, घरोटा व नरोट जैमल सिंह के प्रधान चुने गए। तारागढ़ से गणेश्वर सिंह तथा नरोट जैमल सिंह से हरि सिंह को दूसरी बार मंडल प्रधान की जिम्मेवारी सौंपी गई। जबकि, घरोटा मंडल के पूर्व अध्यक्ष बलवान सिंह के स्थान पर संजीव पठानिया को नई जिम्मेवारी देकर पार्टी ने नवाजा है। इस दौरान पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक अश्वनी शर्मा, पूर्व विधायक सीमा कुमारी, प्रदेश उपाध्यक्ष नरेंद्र परमार, जिला महासचिव युद्धवीर सिंह पठानिया, जिला महासचिव विनोद धीमान, सुरेश शर्मा व अशोक मेहता के इलावा विभिन्न मंडलों से पदाधिकारी उपस्थित थे। जिला प्रधान विपिन महाजन ने कहा कि जिला के सभी दस मंडलों के प्रधान पार्टी की समूची लीडरशिप के सामने सर्वसम्मति से चुने गए हैं।