भूत के साये का था शक, तनाव झेल रही महिला ने बेटी के साथ जहर निगला
गांव सिदोड़ी में एक महिला ने अपनी सात वर्षीय बच्ची के साथ जहर निगल कर जान दे दी। स्वजनों के मुताबिक महिला दिमागी रूप से परेशान थी। उसे ऐसा प्रतीत होता था उसके ऊपर भूत प्रेत का साया है।
शाहपुरकंडी, जेएनएन। गांव सिदोड़ी में एक महिला ने अपनी सात वर्षीय बच्ची के साथ जहर निगल कर जान दे दी। स्वजनों के मुताबिक महिला दिमागी रूप से परेशान थी। उसे ऐसा प्रतीत होता था उसके ऊपर भूत प्रेत का साया है। शाहपुरकंडी पुलिस ने मामला दर्ज किया है। घटना के बाद से पूरा परिवार व गांव स्तब्ध है। घटना के समय घर में 31 वर्षीय ममता देवी, उसकी सात वर्षीय बेटी सेजल व 11 साल का बेटा था। उसका पति परमिंदर सिंह अपने साले मोहित के साथ डमटाल में एक कार्यक्रम में भाग लेने गए थे। ममता देवी के भाई मोहित ने बताया कि बुधवार को उसके भांजे ने फोन आया। उसने बताया कि उनकी मम्मी की हालत ठीक नहीं है। ममता और सेजल ने कुछ खा लिया है। बेटे को घरवालों की सहायता से दोनों को अस्पताल ले जाने को कहा। उसे नजदीक के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उन्हें दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया। इससे पहले कि दोनों को अस्पताल पहुंचाया जाता, रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
परमिंदर सिंह रहता है सऊदी अरब में
ममता का पति परमिंदर सिंह सऊदी अरब में रहता है। वह इसी महीने घर आया था और परिवार के साथ छुट्टियां बिता रहा था। परिजनों के मुताबिक दोनों में अनबन भी नहीं थी। ममता ने ऐसा कदम क्यों उठाया किसी को समझ में नहीं आ रहा। अपने साथ सात साल की बेटी को भी जहर देना परिजनों व लोगों को स्तब्ध कर गया है। ममता के भाई ने बताया कि भूत प्रेत के साये से बचने के लिए वह झाड़-फूंक भी करवा रही थी। परिजन भी उसे दिलासा देते थे कि सब ठीकठाक है पर वह उलझन में रहती थी। परिजनों को अंदेशा है कि ममता ने इसी परेशानी में यह कदम उठा लिया।
मामला आत्महत्या का, जांच जारी : थाना प्रभारी
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर भारत भूषण सैनी ने बताया कि परिजनों ने मौत की वजह महिला की बीमारी को बताया है। इस आधार पर 174 के तहत कार्रवाई की गई है। अब आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी। साथ ही पुलिस टीम ने घटनास्थल की जांच और अन्य लोगों से भी पूछताछ कर रही है। यदि कुछ भी संदिग्ध पाया जाता है तो पुलिस इस आधार पर आगामी कार्रवाई करेगी।