चार घंटे में 18 एमएम बारिश, पांच डिग्री पारा लुढ़का
सोमवार को सुबह 11 बजे बारिश शुरू हो गई।
संवाद सहयोगी, पठानकोट
सोमवार को सुबह 11 बजे बारिश शुरू हो गई। रुक-रुक कर चार घंटे में हुई 18 एमएम बारिश ने लोगों को एक बार फिर ठंड का अहसास कराया। बारिश के दौरान चली हवा ने भी ठंडक बढ़ाई। बारिश के चलते तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। बारिश के बाद सोमवार को न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहा और अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में गिरावट के चलते लोग एक बार फिर गर्म कपड़ों में लिपटे हुए देखे गए। सोमवार तड़के लोग उठे तो आसमान में काली घटाएं छाई थी। सुबह करीब 11 बजे बादलों की गरज के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश के साथ चली ठंडी हवा ने लोगों को एक बार फिर से ठंड लौटने का अहसास कराया। इससे पूर्व रविवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था और खिली धूप ने लोगों को गर्मी का एहसास करवाया था लोगों को लगने लगा था कि शायद गर्मी का मौसम शुरू हो गया है लेकिन, सोमवार को हुई बारिश ने लोगों को एक बार फिर ठंड का एहसास करवा दिया है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को भी बादल छाए रहेंगे और हल्की धूप भी खिलेगी। इस दौरान हल्की बारिश की भी संभावना बनी हुई है।