पति व ससुर ने कहा-जब तक दहेज नहीं लाती तब तक घर में नहीं रहने देंगे
थाना औड़ पुलिस ने दहेज के लिए परेशान करने के आरोप में महिला के पति व ससुर पर मामला दर्ज किया है।
जागरण संवाददाता, नवाशहर : थाना औड़ पुलिस ने दहेज के लिए परेशान करने के आरोप में महिला के पति व ससुर पर मामला दर्ज किया है। साहलों निवासी अमनजोत कौर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी जालंधर जिले के तहत थाना ड्रौली कलां के मनजीत सिंह के साथ 14 फरवरी 2016 को हुई थी। उसका एक बेटा भी है। अमनजोत कौर ने बताया कि शादी के समय उसके माता-पिता ने अपनी हैसियत के मुताबिक दहेज, सोना व अन्य चीजें भी दी थीं। शादी के बाद से ही उसे पति मनजीत सिंह और ससुर हरभजन सिंह अकसर दहेज के लिए परेशान करते थे। पीडि़ता ने बताया कि उसके पिता गरीब हैं और वह और दहेज नहीं दे सकते। अमनजोत ने बताया कि जब से उसका बेटा पैदा हुआ है तब से उसके माता-पिता ही उसका सारा खर्चा कर रहे हैं। बेटा होने के लगभग तीन माह बाद वह अपने ससुराल गई तो पति व ससुर और सास संतोष कौर ने यह कहकर बाहर निकाल दिया कि जब तक दहेज लेकर नहीं आती तब तक वह उन्हें घर में नहीं रहने देंगे। पीड़िता ने कहा कि उसे पति, ससुर व सास से जान का खतरा बना है। पुलिस ने जाच के बाद मनजीत व हरभजन सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पति के विदेश जाने के बाद ससुर रखता था बुरी नजर
पीड़िता ने बताया कि शादी के चार दिन के बाद ही उसका ससुर उससे गाली-गलौज करने लग गया था। दो माह बाद उसका पति भी शराब पीकर उसकी पिटाई करने लगा। बाकी सदस्य भी दहेज के लिए परेशान करने लगे। उसने बताया कि पति जब विदेश चला गया तो ससुर उस पर बुरी नजर रखने लगा। इन सब बातों से परेशान होकर वह मायके आ गई। जब पति विदेश से आता था तो वह ससुराल चली जाती थी। जब वह विदेश चला जाता तो वह वापस मायके आ जाती थी।
मायके में ही कई पिटाई, उठा ले जाने की धमकी दी
अमनजोत ने बताया कि 24 जुलाई 2017 को उसका बेटा पैदा हुआ था। उसके इलाज पर करीब दो लाख रुपये आया जो उसके माता-पिता ने किया था। पति ने सिर्फ 50 हजार रुपये विदेश से भेजे थे । बेटा पैदा होने के 10 दिन के बाद पति घर आया और शराब पीकर उसकी पिटाई की व उसके पिता से भी गाली गलौज कर मोटरसाइकिल की माग की। दो माह बाद मनजीत अमनजोत को अपने घर ले गया। उसके बार फिर पहले की तरह परेशान किया जाने लगा। अमनजोत ने बताया कि एक दिन आधी रात को पति ने पिटाई की। उसके दूसरे दिन ही वह मायके आ गई। फरवरी 2018 में मनजीत उसके घर आया और जबरदस्ती उठा ले जाने की बाते करने लगा।