श्री राम कथा से पहले निकाली पहली संध्या फेरी में श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा शहर
एसडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के मैदान में आयोजित श्री राम कथा के उपलक्ष्य में शहर के विभिन्न मंदिरों से संध्या फेरियों का सिलसिला शुरू हो गया।
जेएनएन, नवांशहर : एसडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के मैदान में आयोजित श्री राम कथा के उपलक्ष्य में शहर के विभिन्न मंदिरों से संध्या फेरियों का सिलसिला शुरू हो गया। दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान एक से पांच फरवरी तक शाम छह से रात नौ बजे तक करवाएगा। साध्वी सुमेधा भारती अपनी टीम के साथ इस अवसर पर प्रवचन करेंगी। मंगलवार को निकाली गई पहली संध्या फेरी का शुभारंभ स्नेही मंदिर से किया गया। शुरुआत प्रभु के पूजन और नारियल फोड़ कर की गई। संध्या फेरियों में भक्तों ने प्रभु का गुणगान किया। संस्थान के प्रवक्ता स्वामी उमेशानंद ने बताया कि संध्या फेरियों में शहर के सामाजिक व धार्मिक संस्थानों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उन्होंने कहा, आज समाज को ऐसे कार्यक्रमों की आवश्यकता है, जिससे मानव का बिखरा मन प्रभु में लग सके। प्रभु श्री राम का जीवन चरित्र मात्र ग्रंथ की चौपाइयों का मधुर गायन मात्र नहीं है। कथा जहां मनुष्य को आध्यत्मिक दृष्टि व ज्ञान प्रदान करती है, वहीं यह मनुष्य के जीवन से संबंधित मूल्यों का भी विश्लेषण करती है। स्वामी उमेशानंद ने बताया कि पहली संध्या फेरी में श्रद्धालुओं की संख्या बहुत अधिक थी। जगह-जगह फूलों की वर्षा से सभी ने इस कीर्तन मंडली का स्वागत किया। लाल चौक पर पहुंचते ही पूरी कॉलोनी के लोग इस फेरी में शामिल हुए और बड़े उत्साह से जयकारे लगते हुए श्री स्नेही मंदिर पहुंचे। इस अवसर पर साध्वी उत्तमा भारती, साध्वी वत्सला भारती, साध्वी प्रीती भारती, साध्वी परमजीत भारती, प्रधान विनोद चोपड़ा, मुकेश, प्रदीप खन्ना, अशोक पिकी, बॉबी सोनी, पंडित अशोक आदि बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।