Punjab News: पंजाब में बढ़ेगी डॉक्टरों की सैलरी! स्वास्थ्य मंत्री बोले- वेतनमान को फिर से किया जाएगा परिभाषित
Punjab News स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पंजाब को डॉक्टरों की सख्त जरूरत है और सरकार अपने स्तर पर चिकित्सा विशेषज्ञों रेडियोडायग्नोस्टिक्स स्त्री रोग विशेषज्ञों और अन्य विशेषज्ञों की कमी को पूरा करने के लिए काम कर रही है।
नवांशहर, जागरण संवाददाता। मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार जल्द ही सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए डाक्टरों के 'वेतनमान' को फिर से परिभाषित करेगी। ये बात स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने रविवार को नवांशहर में कही। वह जिले से राज्य के 12 उच्च जोखिम वाले जिलों में उप-राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत करने आए थे।
इस दौरान उन्होंने कहा कि अगले महीने तक 550 नए डॉक्टर आ जाएंगे, जिनका वेतन 30 हजार से बढ़ाकर 70 हजार कर दिया गया है। इसके अलावा, पिछली सरकार में 7वें पे स्केल के कारण डॉक्टरों का वेतन 1.41 लाख से घटकर 1.18 लाख हो गया था और यहां से डॉक्टर नौकरी छोड़कर पड़ोसी राज्यों में चले गए थे। उन्होंने कहा कि ऐसे डॉक्टरों से संपर्क किया गया है और उनके पे-स्केल को दोबारा परिभाषिक किया जाएगा।
'पंजाब को डॉक्टरों की सख्त जरूरत है'
उन्होंने कहा कि पंजाब को डॉक्टरों की सख्त जरूरत है और सरकार अपने स्तर पर चिकित्सा विशेषज्ञों, रेडियोडायग्नोस्टिक्स, स्त्री रोग विशेषज्ञों और अन्य विशेषज्ञों की कमी को पूरा करने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में स्टाफ नर्स, पैरामेडिक्स, ग्रेड चार, वार्ड अटेंडेंट सहित ढांचागत जरूरतों और अन्य स्टाफ की भर्ती की जा रही है।
स्वास्थ्य मंत्री के मुताबिक, सरकारी अस्पतालों में सप्लाई हो रही 95 प्रतिशत दवा के लिए रेट कान्ट्रैक्ट तय कर दिए गए हैं और बाकी पांच प्रतिशत रेट कान्ट्रैक्ट भी जल्द ही पूरे कर लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि निकट भविष्य में सरकारी अस्पतालों की आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं और भी बेहतर होंगी और सभी आवश्यक जांच, चिकित्सा विशेषज्ञ और दवाएं यहां उपलब्ध होंगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में खुले 580 आम आदमी क्लीनिकों से आम लोगों को स्वास्थ्य सेवा में बड़ी राहत मिली है, जिससे बड़े अस्पतालों में वीओपीडी वाले मरीजों की भीड़ कम हुई है।