कांट्रैक्ट कर्मियों की हड़ताल से नहीं चलीं बसें, यात्री रहे परेाशन
पंजाब रोडवेज व पनबस कांट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन के मुलाजिमों की हड़ताल बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रही। बसें कम चलने के कारण दूसरे दिन भी यात्रियों को परेशान होना पड़ा।
संवाद सूत्र, नवांशहर : पंजाब रोडवेज व पनबस कांट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन के मुलाजिमों की हड़ताल बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रही। बसें कम चलने के कारण दूसरे दिन भी यात्रियों को परेशान होना पड़ा।
नवांशहर के बस स्टैंड पर की जा रही हड़ताल में प्रधान हरदीप सिंह काहलो ने बताया कि कांग्रेस सरकार झूठे वादे करती आ रही है तथा इस हड़ताल को असफल करने के मंतव्य से तरह-तरह के हथकंडे अपना रही है। नए उम्मीदवारों को भर्ती करने के लिए बाहर से बुलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नौ दिसंबर को बैठक होने जा रही है। इस कारण ट्रांसपोर्ट मंत्री तथा मुख्यमंत्री पंजाब की कोठी का घेराव करने का प्रोग्राम रद्द किया गया। उन्होंने बताया कि उन सभी की एक ही मांग है कि उनको पक्का किया जाए।
उधर जनरल मैनेजर पंजाब रोडवेज नवांशहर जसवीर सिंह, डा. राज कुमार मुख्य खेतीबाड़ी अफसर तथा एसएचओ सिटी थाना नवांशहर ने जब इन धरनाकारियों से बात की तो वह दस बसें चलाएं,लेकिन धरनाकारियों ने कहा कि उनकी यूनियन का आदेश है कि कोई भी पनबस नहीं चलेगी जबतक कोई फैसला नहीं हो जाता। अगर सरकार धक्केशाही करती है तो वह उसका सख्त विरोध करेंगे तथा इस संघर्ष को और तीखा करते हुए चंडीगढ़ चौक में धरना लगाएंगे। उनके समर्थ में कई जत्थेबंदियां भी साथ देंगी। प्रदर्शनकारियों से की गई बैठक बेनतीजा रही।