देसी गायों का महत्व समझ रहे लोग : चंद्र कांत
पंजाब गो सेवा प्रमुख चंद्रकांत का कहना है कि गो आधारित खेतीहर देसी गायों के महत्व को समझ रहे हैं।
जेएनएन, नवांशहर : पंजाब गो सेवा प्रमुख चंद्रकांत का कहना है कि गो आधारित खेतीहर देसी गायों के महत्व को समझ रहे हैं और समाज में देसी गायों के दूध, गो मूत्र व गोबर आदि के औषधि गुणों के बारे में समाज में जागरूकता लगातार बढ़ रही है। चंद्रकांत पंडोरा मोहल्ला (नवांशहर) स्थित गोकुल धाम गोशाला में गो सेवा और जैविक खेती को उत्साहित करने के लिए प्रबंधक कमेटी की तरफ से किए जा रहे प्रयासों का जायजा लेने के बाद गो सेवकों से विचार विमर्श कर रहे थे। देसी नसल की गायों के गोबर और मूत्र के साथ सफल आर्गेनिक खेती की जा सकती है। इसके अलावा सभी तरह के कीटनाशक खाद के खर्चे और उनके दुष्प्रभावों से बचाया जा सकता है और पानी की खपत भी लगभग 50 प्रतिशत कम हो सकती है। चंद्रकांत ने बताया कि नवांशहर में देसी गायों के महत्व के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए जल्द ही नवांशहर में गो कथा आयोजित करने की योजना बनाई जाएगी। उन्होंने गोकुल धाम गोशाला के सेवकों को गोशाला में तैयार किए जा रहे अलग-अलग उत्पादों को लोगों तक पहुंचाने के लिए भी प्रेरित किया। इस अवसर पर विवेक , सचिव राघव सहजपाल, मैनेजर सतपाल उम्मट, कैशियर विजय अब्बी, सदस्य ललित मोहन पाठक, मनोज कंडा, अनिल सहजल, जतिदर सैंगर, रमाकांत खन्ना आदि उपस्थित थे।