एम एप पर मिलेगी सरकारी विभागों की जानकारी
पंजाब सरकार की एम सेवा मोबाइल एप प्लेटफॉर्म पर सरकारी विभागों की सेवाओं की जानकारी मिलेगी।
जेएनएन,नवांशहर : पंजाब सरकार की एम सेवा मोबाइल एप प्लेटफॉर्म पर सरकारी विभागों की सेवाओं की जानकारी मिलेगी। यह एप एक ही मंच पर सेवाओं की जानकारी मुहैया करवाने का बड़ा आधार बनेगी। मोबाइल धारकों को इन सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए अपने मोबाइल पर उक्त एप को डाउनलोड करना चाहिए। डीसी विनय बबलानी ने बताया कि इस मोबाइल एप के पूरी तरह कार्यशील होने के बाद सभी विभागों की विभिन्न एप का प्रयोग करने की बजाय प्रदेश के लोग अब सिर्फ एक मोबाइल एप से सभी सरकारी सेवाओं को आसानी से हासिल कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश के लोगों को एक मंच पर नागरिक सेवा मुहैया करवाने के लिए मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिदर सिंह ने पंजाब एम सेवा मोबाइल एप जारी की है। इसके तहत सभी सरकारी विभागों की सेवाएं स्मार्टफोन पर एक बटन दबाने पर उपलब्ध करवाईं जाएंगी। डीसी के अनुसार अगले दिनों में इसके पूर्ण रूप से कार्यशील होने पर स्कूल शिक्षा, स्वास्थ्य तथा परिवार भलाई, माल विभाग, ग्रामीण विकास तथा पंचायत, समाजिक न्याय, सशक्तिकरण, पंजाब मंडी बोर्ड, पंजाब पुलिस, पंजाब शहरी योजना और विकास के साथ-साथ विभिन्न विभागों की सेवाएं हासिल की जा सकेंगी। लोग अपने निजी दस्तावेज एम सेवा मोबाइल एप से डिजी लॉकर में रख सकते हैं। सरबत सेहत बीमा योजना से संबंधित मुकम्मल जानकारी, पुलिस एफआइआर और पुलिस से संबंधित अन्य सेवाएं ई-सेवा के तहत अपने निवेदन की स्थिति, विभिन्न एनओसी आदि सेवाओं की मंजूरी संबंधी भी मददगार साबित होगी।
एंड्राइड व आइओसी स्मार्टफोन पर उपलब्ध होगी ऐप
जिला ई-गवर्नेस कोऑर्डिनेटर कमल कुमार ने बताया कि यह मोबाइल एप्लीकेशन प्रदेशवासियों को उनके एंड्राइड व आइओसी स्मार्टफोन पर उपलब्ध होंगी। इससे संबंधित ऐप स्टोर पर भी इसे डाउनलोड करवाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि शुरुआत में ऐप द्वारा बॉर्डर एरिया, बैकवार्ड एरिया, कंडी एरिया, बेट एरिया आदि सर्टिफिकेट अप्लाई किए जा सकते हैं। कमल कुमार के अनुसार ऐप का प्रयोग करने वाले नागरिक संबंधित सेवा संबंधी अदा की जाने वाली राशि का भुगतान भी ऑनलाइन ही कर सकेंगे। इसके बाद सेवा के स्टेट्स को एम सेवा या सेवा केंद्र द्वारा चेक किया जा सकेगा। इसके अलावा ऐप द्वारा नजदीकी सरकारी संस्थाओं, संबंधित गांवों, कस्बे के विकास कार्यों की स्थिति तथा सरकारी संदेश भी हासिल की जा सकेंगे।