केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नवांशहर में चक्का जाम आठ को
आठ जनवरी की हड़ताल की तैयारी के संबंध में विभिन्न संगठनों की बैठक कामरेड सोहन सिंह सलीम पुरी की अध्यक्षता में हुई।
जेएनएन, नवांशहर : आठ जनवरी की हड़ताल की तैयारी के संबंध में विभिन्न संगठनों की बैठक कामरेड सोहन सिंह सलीम पुरी की अध्यक्षता में हुई। बैठक को संबोधित करते हुए कामरेड बलबीर सिंह ने कहा कि केंद्र में भाजपा की मोदी सरकार ने जबरदस्ती अपनी नीतियों को लागू करना शुरू कर दिया है। मोदी सरकार भूल गई है कि लोकतंत्र में लोग बड़े होते हैं। महाराष्ट्र व झारखंड के चुनाव नतीजों ने यह चेतावनी दी है कि लोगों में उनके प्रति गुस्सा है। लोगों की समस्याएं बेरोजगारी, महंगाई, शिक्षा, स्वास्थ्य हैं, पर आम लोगों की इन समस्याओं की तरफ ध्यान नहीं दिया जा रहा है। केंद्र सरकार की ओर से सरकारी स्कूल बंद किए जा रहे हैं, सरकारी अस्पताल बंद किए जा रहे हैं, सरकारी बैंक घाटे में जा रहे हैं। उन्होंने केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि नौजवान विदेशों में पलायन कर रहे हैं, नए उद्योग नहीं लग रहे हैं, श्रम कानूनों का बुरा हाल है। लोग अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतर रहे हैं लेकिन इसके बाद भी मोदी सरकार सोई हुई है। मोदी सरकार को जगाने के लिए आठ जनवरी को भारत में मुकम्मल हड़ताल की जाएगी। उन्होंने सभी किसानों का, कर्मचारियों, विद्यार्थियों से अपील की है कि वह इस धरने में शामिल हो। इस बैठक में कामरेड कामरेड मुकंदलाल, कामरेड इकबाल सिंह, बीबी चरणजीत कौर, बीबी दलजीत कौर, तुलसी, हरमेल सिंह गरचा, जरनैल सिंह आदि शामिल हुए।